टेलीविजन के मशहूर सीरियल एक्ट्रेस 'अलादीन: नाम तो सुना होगा' में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस अवनीत कौर ने हाल ही में 12वीं पास की है और वह हाल ही में टीवी सीरियल छोड़ने और 12वीं की परीक्षा को पास करने को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं और उन्हें लगातार बधाईयां मिल रही हैं।
अवनीत को 12वीं में 74% अंक हासिल हुए हैं। उन्होंने टाइम्स ऑफ इंडिया से बात की और बताया था कि एग्जाम के समय उनकी तबीयत काफी खराब थी। परीक्षा के दौरान उन्हें डेंगू हो गया था लेकिन फिर भी टीवी शूट जारी रखते हुए पढ़ाई करते हुए उन्होंने परीक्षा दी।
अवनीत ने बताया था, 'इतनी अच्छी परसेंटेज लाकर बहुत अच्छा लग रहा है। सच बताऊं तो मैंने इतने अच्छे नंबरों की उम्मीद भी नहीं की थी। मैं बहुत खुश हूं। मेरे पेरेंट्स भी खुश हैं और उन्हें मुझ पर गर्व हो रहा है। सब बधाई संदेश भेज रहे हैं।'
मशहूर टीवी सीरियल 'अलादीन नाम तो सुना ही होगा' में यासमीन का किरदार निभाने वाली अवनीत ने लॉकडाउन के बाद शुरु हुई शूटिंग के दौरान सीरियल छोड़ने का फैसला किया था। इस बारे में उन्होंने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट लिखा था।
शो छोड़ने पर इमोशनल पोस्ट में एक्ट्रेस ने लिखा था, 'अपनी जिंदगी के अहम हिस्से को अलविदा कह रही हूं। यासमीन का किरदार मेरे दिल के बहुत करीब है, एक ऐसा कैरेक्टर है जो परियों की कहानी से इतर एक योद्धा राजकुमारी का है। यासमीन का किरदार निभाते हुए मैंने बहुत कुछ सीखा। इसमें घुड़सवारी से लेकर अपने स्टंट खुद करने तक बहुत कुछ शामिल है। मुझे सच में राजकुमारी बनना था और इस सफर को स्पेशल बनाने, अपना प्यार और सपोर्ट देने के लिए आप सभी का शुक्रिया।'
अवनीत शो में अपने किरदार के अलावा सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में रहती हैं। वह लगातार कई ग्लैमरस तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करती रहती हैं।
फैंस के बीच अवनीत का यह अंदाज खासा चर्चा में रहता है और इंस्टाग्राम पर उनके 12.4 मिलियन से ज्यादा फॉलोवर्स हैं जिनके बीच एक्ट्रेस की फोटोज की चर्चा लगातार बनी रहती है।