Naagin 7 Promo: एकता कपूर की टॉप सीरियल नागिन 7 से फैंस को काफी उम्मीदें थीं. फैंस का मानना था कि एकता कपूर नागिन 7 के जरिए टीआरपी में आग लगा देंगी लेकिन ऐसा कुछ दिख नहीं रहा है. नागिन 7 की रेटिंग गिर रही है और इसी वजह से अब मेकर्स शो में धांसू ट्विस्ट लेकर आ रहे हैं. अब तक नागिन 7 में ड्रैगन सिर्फ तबाही मचाता हुआ दिख रहा था. माना जा रहा था कि कनिका मान जो राधिका के रोल में हैं वो ड्रैगन निकलेगी, लेकिन अब असली ड्रैगन की एंट्री होने वाली है. शो का नया प्रोमो आया है, जिसमें मेकर्स ने ड्रैगन का इंसानी रूप दिखाया है.
नागिन 7 में हुई ड्रैगन की धांसू एंट्री
नागिन 7 (Naagin 7) के मेकर्स ने शो का नया प्रोमो शेयर किया है, जिसमें ड्रैगन और नागिन की मुलाकात दिखाई गई है, जो कमाल की है. शो में ड्रैगन के किरदार में जैन इबाद खान (Zayn Ibad Khan) की एंट्री हुई है और वह प्रोमो में साफ नजर आ रहे हैं. प्रोमो में देखा जा सकता है कि सूरी परिवार की एक पार्टी चल रही होती है और उसमें जैन इबाद खान की धांसू एंट्री होती है. लंबे बाल और गहरी आंखों वाले लुक के साथ वह नागिन अनंता के सामने आते हैं और दूसरी तरफ ब्लैक लुक में नागिन भी अपने दुश्मन से मिलती है. इस मुलाकात के बीच बीच में ड्रैगन की झलक वीडियो में जोड़ी हुई है, जिससे प्रोमो काफी इंट्रस्टिंग लग रहा है. इस प्रोमो के बैकग्राउंड में आवाज आ रही है, 'मेरे इंतकाम की राह में जो भी आएगा, उसकी हस्ती मिटा दूंगी मैं.' इस प्रोमो के कैप्शन में लिखा है, 'नागिन की जिंदगी में प्यार और दुश्मन ने एक साथ दस्तक दी है.'
नागिन 7 में होगी नागिन और ड्रैगन की टक्कर
नागिन 7 का ये प्रोमो फैंस को काफी पसंद आ रहे हैं. इस वीडियो को देखने के बाद फैंस अब इस एपिसोड का इंतजार कर रहे हैं. नागिन 7 के शुरुआती एपिसोड में नागिन और ड्रैगन की टक्कर दिखाई गई थी, लेकिन उसे मेकर्स ने चंद मिनट में ही खत्म कर दिया था, जिस वजह से मेकर्स काफी ट्रोल भी हुए थे लेकिन इस बार की टक्कर काफी धांसू होगी. इस बार मेकर्स इस ट्विस्ट के जरिए ढेर सारी टीआरपी बटोरने की कोशिश करेंगे.
