Kratika's post on Pankaj Dheer Death: भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने कलाकार पंकज धीर ने बीती 15 अक्टूबर के दिन अपने चाहनेवालों से विदा ली और इस दुनिया से चले गए। पंकज धीर के अचानक चले जाने से पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में शोक की लहर है और हर कोई उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहा है। पंकज धीर के घर की बहू कृतिका सेंगर ने ससुर की मृत्यु के लगभग 15 दिनों के बाद सोशल मीडिया पर चुप्पी तोड़ी है और इमोशनल पोस्ट लिखा है। कृतिका सेंगर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि उनके ससुर ने कभी भी उन्हें बहू की तरह ट्रीट नहीं किया था, वो हमेशा कृतिका को बेटी की तरह ही मानते थे।
कृतिका सेंगर ने इंस्टाग्राम पर अपने पोस्ट में लिखा है, "आपको कभी भी बहू शब्द पसंद नहीं था। आप हमेशा कहते थे कि ये मेरी बेटी है और जिंदगीभर आपने मुझे ऐसे ही ट्रीट किया। आप खुशी में अक्सर मुझसे पूछते थे कि दुनिया की बेस्ट बेटी कौन है और मैं मुस्कुराते हुए कहती थी कि मैं। मैं हमेशा आई लव यू डैड कहने में शरमाती थी लेकिन आपने कभी भी ये कहना नहीं रोका जब तक मुझमें ये हिम्मत नहीं आ गई कि मैं आपसे ये कह पाऊं और इस तरह आप अपना प्यार जताते थे। आप केवल मेरे फादर-इन-लॉ नहीं थे, आप मेरे पिता थे, मेरे दोस्त थे और मेरे सेफ प्लेस थे। हम घंटों-घंटों तक बातें करते रहते थे और हमें ही नहीं पता होता था कि हम किस टॉपिक पर बात कर रहे हैं। आपके बिना अब दिल बहुत भारी है। देविका को अपने तरीके से प्यार करने के लिए शुक्रिया। वो हमेशा आपको बेस्ट दादू के रूप में याद रखेगी। आई लव यू पापा।"
दिवंगत एक्टर पंकज धीर ने यूं तो अपने सालों लम्बे करियर में कई सारे रोल निभाए थे लेकिन महाभारत में निभाया गया उनका कर्ण का किरदार आज तक आइकॉनिक है। जिस दिन पंकज धीर ने इस दुनिया को अलविदा कहा, उस दिन सोशल मीडिया पर लोग उन्हें भारतीय फिल्म इंडस्ट्री का कर्ण कहकर पुकार रहे थे। एक एक्टर की यही असली कमाई होती है कि जब वो जाता है तो दर्शक उसके निभाए किरदारों से उसे याद करते हैं। पंकज धीर की कमी भारतीय सिनेमा और उनके परिवार को हमेशा खलती रहती है, जिसकी भरपायी कोई नहीं कर सकता है। हालांकि कृतिका सेंगर के पोस्ट पर जिस तरह से लोगों ने प्यार लुटाया है, उससे ये साफ है कि मुश्किल की इस घड़ी में वो अकेली नहीं हैं।
