कसौटी जिंदगी की, महाभारत, ससुराल सिमर का, बेहद और C.I.D जैसे टीवी शोज का हिस्सा रहीं वैष्णवी धनराज के फैन्स के लिए एक दुखद खबर है। पॉपुलर टीवी अभिनेत्री वैष्णवी धनराज ने अपने इंस्टाग्राम पर बताया कि उनके पिता का हाल ही में निधन हो गया है। वैष्णवी धनराज ने अपने पिता के साथ एक बेहद खूबसूरत तस्वीर शेयर की है और उन्हें बड़े सपनों के साथ एक गांव का लड़का कहकर संबोधित किया है। एक्ट्रेस वैष्णवी धनराज ने एक इमोशनल पोस्ट के साथ अपने पापा को आखिरी विदाई दी है।
9वीं डिग्री के लिए पढ़ाई कर रहे थे वैष्णवी धनराज के पिता
वैष्णवी ने अपने पोस्ट में इस बात की जानकारी दी है कि उनके पिता 63 साल की आयु में अपनी नौवीं शैक्षिक डिग्री लेने के लिए तैयार थे। वैष्णवी ने बताया कैसे उनके पिता के बड़े सपने थे और उन्होंने जीवन में शिक्षा को बहुत महत्व दिया। एक्ट्रेस ने लिखा, 'एक गांव का लड़का जिसने बड़े सपने देखे। दूध दुहने से लेकर एक मल्टी नेशनल कंपनी के उपाध्यक्ष बनने तक का सफर तय किया। 8 डिग्री होने के बाद भी 63 साल की उम्र में एक और के लिए पढ़ाई कर रहे थे।'
'पिताजी शिक्षा का महत्व जानते थे। 14 साल की उम्र में वो पैसे कमाने के लिए अपना गांव को छोड़कर आ गए ताकि किताबें खरीद सकें। स्ट्रीट लाइट के नीचे पढ़ाई कर सकें। वो बहुत हार्ड वर्किंग, परिश्रमी और बुद्धिमान दूरदर्शी थे उन्होंने कभी हार नहीं मानी। जन्मजात गायक थे जिनको दो म्यूजिक उपकरणों में महारत हासिल थी। एक लेखक, एक पाठक, एक वक्ता, एक योद्धा, आध्यात्मिक गुरु, पति, एक प्यार करने वाला पिता और एक प्योर आत्मा थे। मैं अपने पिता को मेरा हीरो और प्रेरणा कहती हूं। आप अब भी यही हो। मैं आपके प्रेम करती हूं और हमेशा करती रहूंगी।'
वैष्णवी धनराज को आखिरी बार 2018 में टीवी शो बेपनाह में एक नकारात्मक भूमिका में देखा गया था। वह सी.आई.डी. और ना आना इस देस लाडो जैसे कई सीरियल में अपनी शक्तिशाली भूमिकाओं के लिए जानी जाती हैं।
Bollywood News in Hindi (बॉलीवुड न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर । साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) केअपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।