Jannat Zubair Faints While Attempting A Dangerous Water Stunt: रोहित शेट्टी का शो खतरों के खिलाड़ी दर्शकों को बहुत पसंद आता है और जल्द ही इस शो का नया सीजन छोटे पर्दे पर दस्तक देने वाला है। इस टीवी शो का पिछला सीजन बहुत सक्सेसफुल रहा था जिसने टीआरपी की रेस में भी अच्छे-अच्छे टीवी शोज को पीछे छोड़ दिया था। इस टीवी शो के नए सीजन के लिए दर्शक बेहद उत्साहित हैं जो अगले महीने से ऑन एयर होने वाला है। इस टीवी शो की शूटिंग केपटाउन में की जा रही है। खतरों के खिलाड़ी सीजन 12 में मुनव्वर फारूकी, श्रीति झा, रूबीना दिलैक, प्रतीक सहजपाल, चेतना पांडे, तुषार कालिया, शिवांगी जोशी, निशांत भट्ट, अनेरी वजानी और फैजल शेख समेत अन्य सितारे नजर आएंगे। इन्हीं कंटेस्टेंट्स में से एक जन्नत जुबैर हैं जिन्होंने अपने परफॉर्मेंस से सभी को हैरान कर दिया है।
हाल ही में यह खबर आई है कि इस टीवी शो में एक खतरनाक स्टंट करते समय जन्नत जुबैर की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। हाल ही में इस शो का एक प्रोमो वीडियो जारी किया गया है जिसमें यह देखा गया कि, जन्नत एक स्टंट कर रही थीं। लेकिन स्टंट करते समय वह बेहोश हो गईं। Tellychakkar की एक खबर के अनुसार, एक सूत्र ने यह जानकारी दी है कि जन्नत जुबैर एक वाॅटर स्टंट कर रही थीं लेकिन तभी वह बेहोश हो गईं। जन्नत की बिगड़ी तबीयत देख रोहित शेट्टी समेत हर एक कंटेस्टेंट दंग रह गया। आनन-फानन में टीवी शो के कास्ट और क्रू ने उनकी देखभाल की और उन्हें मेडिकल ट्रीटमेंट दिया गया। सूत्र ने आगे यह भी बताया कि अब उनकी तबीयत ठीक है।

बॉलीवुड के जाने-माने डायरेक्टर रोहित शेट्टी अपने खतरनाक स्टंट्स की वजह से मशहूर हैं। इस बात में कोई दो राय नहीं है कि इस टीवी शो के स्टंट्स बेहद खतरनाक होते हैं। कभी-कभी इन स्टंट्स को करते समय कंटेस्टेंट्स की तबीयत बिगड़ जाती है। ई टाइम्स से बात करते हुए फैजल शेख ने यह बताया था कि जन्नत ने अपनी परफॉर्मेंस से सबको हैरान कर दिया है। उन्होंने यह कहा था कि वह एक बेहद स्ट्रॉन्ग कंटेस्टेंट हैं। इसके साथ हाल ही में द इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए रूबीना दिलैक ने यह कहा था कि जन्नत एक छोटा पैकेट बड़ा धमाका हैं।

