Pic Credit: IMDb
International Emmy Awards 2025: मशहूर निर्माता-निर्देशक इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' को इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स 2025 (International Emmy Awards 2025) में दो प्रतिष्ठित नामांकन मिले थे। इस फिल्म के लिए दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) को बेस्ट एक्टर के लिए नॉमिनेट किया गया था जबकि 'अमर सिंह चमकीला' को बेस्ट टीवी फिल्म/मिनी-सीरीज केटेगरी में नॉमिनेट किया गया था। बीती सोमवार की रात अंतिम राउंड में इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स के दौरान यह अवॉर्ड जीतने में विफल साबित हुई। इंडिया की ओर से 'अमर सिंह चमकीला' और दिलजीत दोसांझ को कोई अवॉर्ड नहीं मिला है।
24 नवंबर यानी सोमवार की रात न्यूयॉर्क शहर में इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स 2025 को होस्ट किया गया था। टीवी मूवी/मिनी-सीरीज केटेगरी में अमर सिंह चमकीला का मुकाबला जर्मनी की 'हेरहाउजेन: द बैंकर एंड द बॉम्ब', ब्रिटेन की 'लॉस्ट बॉयज एंड फेयरीज' और चिली की 'वेंसर ओ मोरिर' से था। 'लॉस्ट बॉयज एंड फेयरीज' मूवी यह अवॉर्ड जीतने में सफल रही। यह एक ब्रिटिश टीवी ड्रामा है जो एक गे कपल द्वारा एक बच्चा गोद लेने की कोशिश की कहानी पर आधारित है।
दिलजीत दोसांझ को बेस्ट एक्टर मकी केटेगरी के लिए नॉमिनेट किया गया था। इस दौरान उनके साथ डेविड मिशेल (लुडविग), ओरिओल प्ला (यो, एडिक्टो) (आई, एडिक्ट) और डिएगो वास्केज (वन हंड्रेड इयर्स ऑफ सॉलिट्यूड) भी नॉमिनेट हुए थे। यह अवॉर्ड स्पेनिश एक्टर ओरिओल प्ला को एक नशेड़ी की किरदार निभाने के लिए मिला। इस अवॉर्ड को जीतने से दिलजीत दोसांझ चूक गए। बताते चलें फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' में दिलजीत दोसांझ के साथ परिणीती चोपड़ा अहम रोल में नजर आई थीं।