Dhurandhar 2 Box office Day 1: बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 बीते दिन यानी 19 मार्च को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई। फिल्म को लोग दिल खोलकर प्यार दे रहे हैं। धुरंधर 2 में रणवीर सिंह से लेकर संजय दत्त ने धमाल मचा दिया है। इस बीच धुरंधर 2 की कमाई को लेकर एक रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें बताया गया है कि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन कितना कारोबार किया है। इस रिपोर्ट को पढ़कर धुरंधर 2 के मेकर्स के चेहरे पर स्माइल आ जाएगी।
धुरंधर 2 की पहले दिन की कमाई
धुरंधर: द रिवेंज की रिलीज के साथ ही उम्मीदें बहुत ऊंची थीं। आदित्य धर की निर्देशित इस फिल्म ने न सिर्फ उम्मीदें पूरी कीं, बल्कि उससे कहीं ज्यादा दिया। 19 मार्च 2026 को रिलीज हुई फिल्म ने पहले दिन ही धमाल मचा दिया। पेड प्रीव्यू शोज 18 मार्च को हुए थे, जिनमें कुछ तकनीकी दिक्कतों की वजह से देरी और कैंसिलेशन हुआ, फिर भी फिल्म ने प्रीमियर से 43 करोड़ कमाए। पहले दिन (शुक्रवार) फिल्म ने भारत में 102.55 करोड़ नेट कलेक्शन किया। 18 मार्च के पेड प्रीव्यू से 43 करोड़ मिलाकर कुल नेट कलेक्शन 145.55 करोड़ और ग्रॉस 172.63 करोड़ हो गया है। पहले दिन के बिजनेस में इसने स्त्री 2 (54 करोड़), पठान (57 करोड़), एनिमल (64 करोड़) और जवान (75 करोड़) को पीछे छोड़ दिया। रिपोर्ट्स की मानें तो आने वाले दिनों में फिल्म और भी ज्यादा कमाई करने वाली है।
धुरंधर 2 देखकर गदगद हुए स्टार्स
बताते चलें कि बॉलीवुड और साउथ के सितारे फिल्म धुरंधर 2 की तारीफों के पुल बांध रहे हैं। इस लिस्ट में अल्लू अर्जुन से लेकर कार्तिक आर्यन तक के नाम शामिल है। साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने फिल्म धुरंधर 2 देख ली है। उन्होंने एक्स पर लंबा चौड़ा ट्वीट लिखा है। इसमें अल्लू अर्जुन ने रणवीर सिंह, आर माधवन और आदित्य धर की खूब तारीफ की है। वहीं प्रीति जिंटा समेत इन स्टार्स ने भी धुरंधर 2 को फुल नंबर दिए हैं। अब सोशल मीडिया पर लोग धुरंधर 3 की बातें करने लगे है। हालांकि मेकर्स ने इस बारे में कोई ऑफिशियल जानकारी नहीं दी है।
