Shraddha Kapoor Out From Ektaa Kapoor's Next: बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर बीते साल रिलीज हुई हॉरर कॉमेडी फिल्म 'स्त्री 2' की सफलता को एन्जॉय कर रही हैं। इस फिल्म से श्रद्धा कपूर की लोकप्रियता में और भी इजाफा हुआ है। श्रद्धा कपूर इस समय इंडस्ट्री की डिमांडिंग एक्ट्रेस बनी हुई है। कुछ दिनों पहले खबरें आई थी कि श्रद्धा कपूर को आने वाले दिनों में एकता कपूर (Ekta Kapoor) की मूवी में देखा जाएगा। इस फिल्म का निर्देशन राही अनिल बर्वे करने वाले थे लेकिन अब जो खबरें सामने आई हैं उन्होंने फैन्स को नींद उड़ा दी है। बताया जा रहा है कि फीस को लेकर विवाद होने की वजह से श्रद्धा कपूर (Shraddha Kapoor) ने यह फिल्म छोड़ दी है।
फीस की वजह से एकता की फिल्म से बाहर हुईं श्रद्धा
पीपिंगमून की रिपोर्ट के मुताबिक श्रद्धा कपूर ने एकता कपूर की अपकमिंग मूवी से अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। पोर्टल से जुड़े सूत्र के अनुसार श्रद्धा कपूर और निर्माता एकता कपूर के बीच फीस को लेकर मतभेद हुआ है। दोनों के बीच बात नहीं बन पाई है। एकता कपूर को लग रहा है कि इस प्रोजेक्ट के लिए श्रद्धा कपूर की फीस कुछ ज्यादा है। एक फीमेल लीड के लिए इतनी फीस देना उन्हें सही नहीं लग रहा है। इतना ही नहीं श्रद्धा कपूर की फीस की वजह से फिल्म का बजट भी बढ़ रहा है। बता दें इस मूवी के लिए श्रद्धा कपूर ने लगभग 17 करोड़ रुपये फीस मांगी थी।
श्रद्धा कपूर के बाहर हो जाने से अब निर्माता इस मूवी के लिए नई एक्ट्रेस की तलाश में लगे हुए हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो श्रद्धा कपूर आखिरी बार फिल्म 'स्त्री 2' में नजर आई थीं। इस फिल्म में राजकुमार राव, पंकज त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी और अपारशक्ति खुराना सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। अब आने वाले दिनों में श्रद्धा कपूर की फिल्म 'स्त्री 3' में देखा जाएगा।
