Rhea Chakraborty get her Passport Back: बॉलीवुड अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती( Rhea Chakraborty) को राहत की सांस मिली है। करीब पाँच साल बाद एक्ट्रेस को अपना पासपोर्ट वापिस मिल गया। पिछले पाँच साल से रिया चक्रवर्ती का पासपोर्ट कोर्ट में था। उन्हें विदेश जाने के लिए कोर्ट की अनुमति लेनी पड़ती थी। साथ ही पसपोर्ट के बिना अभिनेत्री के कई काम अधूरे भी रह गए थे। पासपोर्ट मिलने की खुशी रिया चक्रवर्ती ने फैंस के साथ शेयर की है। उन्होंने बताया है कि यह सब 5 साल का सब्र है, जो मुझे मिला है। आइए आपको बताते हैं क्या है पूरा मामला
अदालत ने रिया चक्रवर्ती को बड़ी राहत देते हुए उनका पासपोर्ट स्थायी रूप से उनके पास रखने की अनुमति दे दी है। पहले उन्हें हर बार विदेश यात्रा के लिए पासपोर्ट एनसीबी (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) को जमा कराना पड़ता था और ट्रायल कोर्ट से इजाज़त लेनी होती थी। रिया ने अदालत में कहा था कि इस नियम की वजह से उनके काम में दिक्कत आ रही है और कई मौके छूट गए हैं। उनके वकील अयाज़ खान ने भी बताया था कि विदेश में काम की वजह से जाना जरूरी होता है, लेकिन पाबंदियों के कारण मुश्किल हो जाती थी।
हालांकि एनसीबी ने इस याचिका का विरोध किया और कहा कि उन्हें उनकी "सेलिब्रिटी स्थिति" की वजह से कोई खास छूट नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि रिया विदेश जाकर लौटेंगी नहीं। लेकिन जज नीला गोखले ने साफ कहा कि रिया ने अब तक ज़मानत की किसी भी शर्त का उल्लंघन नहीं किया है। उन्होंने हर बार विदेश यात्रा से लौटकर अदालत में पेशी दी और मुकदमे में पूरा सहयोग किया। जज ने यह भी याद दिलाया कि अन्य अभियुक्तों को भी पहले ऐसी छूट दी गई थी।
अब रिया को पासपोर्ट अपने पास रखने की इजाजत है। हाँ, उन्हें हर यात्रा से पहले और बाद में अधिकारियों को सूचित करना होगा और अपनी यात्रा व संपर्क की जानकारी साझा करनी होगी। मुकदमा अभी भी चल रहा है और आरोप तय नहीं हुए हैं, लेकिन अदालत ने साफ कहा कि फिलहाल उनकी उपलब्धता पर शक करने की कोई वजह नहीं है।
