Pathaan Advance booking: शाहरुख खान काफी समय के बाद पठान फिल्म के जरिए बड़े सिनेमा पर वापसी कर रहे हैं। फिल्म लंबे टाइम से चर्चा का विषय बनी हुई है। फिल्म के गाने बेशरम रंग में दीपिका पादुकोण ने जो भगवा रंग बिकिनी पहनी है उस पर जमकर सवाल उठाए गए हैं। इसको लेकर फिल्म का खूब विरोध हो रहा है। अब पठान की रिलीज को 10 दिन का समय बाकी है। रिलीज की तारीख नजदीक आते ही पठान की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक शाहरुख खान के फैन क्लब ने पूरे भारत में 50 हजार लोगों के लिए 'पठान' के फर्स्ट डे फर्स्ट शो की स्क्रीनिंग का आयोजन किया है।
शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम स्टारर यह फिल्म 25 जनवरी को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होगी। हालांकि 'पठान' की रिलीज से पहले ही शाहरुख खान को उनके फैंस ने एक बड़ा तोहफा दिया है। पिंकविला की एक रिपोर्ट के अनुसार फैन क्लब के को-फाउंड यश परायानी ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि वह 200 से अधिक शहरों में फैंस के लिए 'पठान' के शो आयोजित किए जाएंगे। रिपोर्ट में बताया गया कि मुंबई में ओपनिंग डे पर शाहरुख खान की 'पठान' के 7-8 शो आयोजित किए जाएंगे तो वहीं दिल्ली में 6 शो आयोजित होंगे। अगर हिसाब लगाया जाए तो फैन क्लब के इन शोज से 'पठान' 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर सकती है।
यूएसए, यूएई, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया में धड़ल्ले से पठान की एडवांस बुकिंग चल रही है। ऐसे में लग रहा है कि पठान इस साल की सबसे बड़ी ओपनिंग बनकर उभरेगी। एडवांस बुकिंग के रिस्पॉन्स को देखकर कहा जा रहा है कि ये ओवरसीज बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़ सकती है। पठान को लेकर जमकर लोगों के बीच बज बना हुआ है। यूएई में अब तक पठान के 65 हजार डॉलर यानी 52,83,557 रुपये के 4500 टिकट बिक चुके हैं।
अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में भी लोग जमकर पठान की टिकटें बुक करा रहे हैं। अब तक अमेरिका में साढ़े तीन लाख डॉलर यानि 2,84,49,925 रुपये के 22 हजार 500 टिक बिक चुके हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया में 75 हजार ऑस्ट्रेलियन डॉलर यानि 42,55,905 के करीब 3000 टिकटें बिकी हैं। जर्मनी से अब तक पठान ने 15000 यूरो यानी करीब 1,32,21,289 रुपये का बिजनेस कर लिया है।
