बॉलीवुड

Mumtaz-Shammi Kapoor Affair: मुमताज ने ठुकराई थी कपूर खानदान की ये शर्त, टूटा शम्मी कपूर संग रिश्ता... हाथ से निकली 'मेरा नाम जोकर'

Mumtaz-Shammi Kapoor Affair: अदाकारा मुमताज (Mumtaz) को बहुत कम उम्र में ही एक्टर शम्मी कपूर (Shammi Kapoor) से प्यार हो गया था। शम्मी कपूर ने मुमताज के साथ शादी करने का फैसला भी ले लिया था लेकिन ये शर्त भी रख दी थी कि उन्हें शादी के बाद फिल्मों से दूरी बनानी पड़ेगी। शम्मी कपूर की इस शर्त के सामने मुमताज ने घुटने नहीं टेके और इनकी राहें हमेशा-हमेशा के लिए अलग हो गई।

Image

Image Source: Mumtaz/Social

Mumtaz-Shammi Kapoor Affair: लो-बजट फिल्मों से अपने करियर की शुरुआत करने वाली अदाकारा मुमताज (Mumtaz) का सितारा एक वक्त इतना बुलंद था कि बड़े-बड़े एक्टर्स उनके साथ काम करने के लिए तरसते थे। कभी मुमताज के साथ स्क्रीन शेयर करने से बचने वाले हीरो उन्हें सफलता की गारंटी मानने लगे थे, जिसके चलते वो काफी बिजी रहती थीं। एक के बाद एक हिट होती फिल्मों ने उनकी डिमांड लोगों के बीच में बढ़ा दी थी, जिस कारण पर्सनल लाइफ के लिए उनके पास वक्त ही नहीं बचा था। काम में बिजी रहने के चलते ही मुमताज और शम्मी कपूर (Shammi Kapoor) की शादी भी नहीं हुई। इन दोनों का इश्क एक वक्त बॉलीवुड के गलियारों में काफी फेमस था और माना जा रहा था कि ये जल्द ही शादी कर लेंगे लेकिन ऐसा क्या हुआ कि न सिर्फ इनका रिश्ता खत्म हो गया बल्कि राज कपूर (Raj Kapoor) ने अपनी ड्रीम मूवी 'मेरा नाम जोकर' से भी मुमताज को निकाल दिया? आइए आपको विस्तार से बताते हैं....

जैसा इश्क में पड़ने वाले हर हीरो-हीरोइन के साथ होता है, वैसे ही शम्मी कपूर और मुमताज के इश्क की शुरुआत भी फिल्मी सेट पर हुई थी। फिल्में करते-करते इन दोनों के बीच गहरी दोस्ती हुई और फिर इन्हें प्यार हो गया। मुमताज के साथ वक्त बिताने के बाद शम्मी कपूर ने फैसला कर लिया था कि वो शादी करके मुमताज के साथ घर बसाएंगे। जब मुमताज को शम्मी कपूर ने इस बारे में बताया तो वो भी काफी खुश हुई कि उनके इश्क ने उन्हीं के साथ शादी करने का फैसला लिया है। कपूर खानदान ने भी मुमताज को स्वीकार कर लिया था और इनकी शादी के लिए सब तैयार थे लेकिन कपूर खानदान का वो नियम शम्मी कपूर-मुमताज के इश्क के बीच आकर खड़ा हो गया, जिसके लिए ये परिवार लम्बे समय से बदनाम था।

Mumtaz Shammi Kapoor

Image Source: Mumtaz/Social

असल में कपूर खानदान की औरतें तब तक फिल्मों में काम नहीं करती थीं। शम्मी कपूर ने मुमताज को शादी के लिए प्रपोज तो किया था लेकिन इस शर्त के साथ कि उन्हें शादी के बाद फिल्में छोड़नी पड़ेंगी। मुमताज उस वक्त काफी कम उम्र की थीं और उनके करियर ने उस वक्त उड़ान भरनी शुरू ही की थी। लोग उनके दीवाने थे और निर्माता उनके घर के बाहर लाइन लगाकर खड़े रहते थे। मुमताज ने दिल पर पत्थर रखकर ये फैसला लिया कि भले ही वो शम्मी कपूर से इश्क करती हैं लेकिन फिर भी वो उनसे शादी नहीं करेंगी क्योंकि कपूर खानदान के नियम के आगे उन्होंने घुटने टेकने से इंकार कर दिया। बस फिर क्या था मुमताज के इस फैसले के बाद शम्मी कपूर के साथ उनकी राहें अलग होती चली गई और दोनों का प्यार अधूरा ही रह गया।

Mumtaz Shammi Kapoor

Image Source: Mumtaz/Social

जब इन दोनों की शादी की बात चल रही थी तब राज कपूर अपना ड्रीम प्रोजेक्ट 'मेरा नाम जोकर' बना रहे थे। इस फिल्म के लिए उन्हें कई सारे कलाकारों की जरूरत थी। मुमताज के लिए भी उन्होंने सर्कस वाले सीक्वेंस के लिए साइन किया था, जिसमें उन्हें बिकिनी पहननी थी। राज कपूर ने मुमताज का स्क्रीन टेस्ट और कॉस्ट्यूम टेस्ट ले लिया था और वो फाइनल की जा चुकी थीं लेकिन राज कपूर ने आखिरी वक्त पर उन्हें इसलिए निकाल दिया क्योंकि उन्हें लगा था कि मुमताज उनके छोटे भाई शम्मी की पत्नी बनने वाली हैं और अगर वो मुमताज को बिकिनी में शूट करेंगे तो उनके पिता पृथ्वीराज कपूर उनसे नाराज हो जाएंगे। राज कपूर ने ये बात बताकर ही मुमताज को जोकर से बाहर किया था, जिसका खुलासा खुद अदाकारा ने किया। मुमताज ने अपने एक इंटरव्यू में बताया, "राज जी ने मुझे ये बात साफ की थी कि वो मुझे जोकर में क्यों नहीं ले रहे हैं। वो अपनी जगह ठीक थे। हां मुझे इस बात का मलाल है कि मैं राज जी के साथ काम नहीं कर पायी, शायद मेरी किस्मत में नहीं था।"

Raj Kapoor Jokar

Image Source: Joker Movie

शम्मी कपूर और मुमताज की प्रेम कहानी भी बॉलीवुड की उन अधूरी कहानियों में शामिल है, जिनके पूरे होने की दुआएं कइयों ने मांगी थी लेकिन फिर भी ये पूरी न हो सकी। शम्मी कपूर की मृत्यु के बाद भी मुमताज उन्हें याद करती हैं और बताती हैं कि वो इतने हैंडसम थे कि उनके प्यार होना लाजमी था लेकिन प्यार पूरा न होना उनकी बदकिस्मती।

Mumtaz Mayur

Image Source: Mumtaz/Social

वैसे बता दें कि मुमताज ने शम्मी कपूर से रिश्ता तोड़ने के बाद कुछ ही सालों तक फिल्मों में काम किया और साल 1974 में मयूर माधवानी नाम के बिजनेसमैन के साथ घर बसा लिया। इसके बाद वो फिल्मों से दूर हो गई। मयूर के साथ मुमताज की जिंदगी खुशनुमा बीती। जब मुमताज कैंसर से लड़ रही थीं तब मयूर ने उनका खूब साथ दिया। मुमताज बताती हैं कि अगर मयूर उनके पति न होते तो वो शायद आज जिंदा भी न होती क्योंकि उन्होंने हर कदम पर अदाकारा का साथ दिया। ऐसा कहा जा सकता है कि शम्मी कपूर का प्यार मुमताज के नाम नहीं लिखा था क्योंकि ऊपर वाले ने उनकी झोली में मयूर माधवानी का प्यार लिखा था।

Rahul Sharma
राहुल शर्माauthor

राहुल शर्मा एंटरटनमेंट जर्नलिज्म में 13 वर्षों का समृद्ध अनुभव रखते हैं। वह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम के लीड के रूप में काम कर रहे हैं। जर्नलिज्म में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा करने वाले राहुल अब तक 14,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने कई बड़े बॉलीवुड और टीवी सितारों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं, साथ ही प्रभावशाली फिल्म रिव्यू, फीचर स्टोरीज और रोचक थ्रोबैक आर्टिकल भी लिखे हैं। उनकी लेखन शैली में गहराई, सहजता और इंडस्ट्री की गहरी समझ साफ झलकती है। राहुल को फिल्में देखना, नई जगहों की यात्रा करना और किताबें पढ़ना बेहद पसंद है, जो उनकी रचनात्मकता और कंटेंट गुणवत्ता को और निखारते हैं।

और पढ़ें
End of Article