Jolly LLB 3 is in Trouble: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और अरशद वारसी की फिल्म 'जॉली एलएलबी 3' को लेकर लोगों के बीच एक अलग हाइप नजर आ रही है। इस मूवी को रिलीज करने के लिए मेकर्स ने 19 सितम्बर का दिन चुना है। निर्माताओं ने फिल्म की एडवांस बुकिंग कुछ दिनों पहले ही ओपन कर दी थी। कई ट्रेड रिपोर्ट्स में बार-बार यह बताया जा रहा है कि टिकट खिड़की पर दर्शक बड़ी तेजी से 'जॉली एलएलबी 3' के शोज बुक कर रहे हैं। इस मूवी को लेकर एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि पीवीआरइनॉक्स ने 'जॉली एलएलबी 3' को रिलीज करने से पहले अब एक अजीब डिमांड कर दी है।
क्या सच में पीवीआरइनॉक्स चेन पर रिलीज नहीं होगी 'जॉली एलएलबी 3'?
पिंकविला से सूत्र के अनुसार वायकॉम18 ने नेशनल चेन्स के साथ वीपीएफ यानी वर्चुअल प्रिंट फीस देने के लिए एक अग्रीमेंट साइन किया था। यह चीजें बीते कुछ सालों से होती आ रही हैं। ऐसे में अब पीवीआरइनॉक्स ने 'जॉली एलएलबी 3' के निर्माताओं से 3.50 करोड़ रुपये की वर्चुअल प्रिंट फीस देने की डिमांड की है। निर्माताओं ने अब अग्रीमेंट को सामने रख यह रकम देने से मना किया तो मल्टीप्लेक्स लीडर ने फिल्म को ना रिलीज करने की धमकियां देनी शुरू कर दी हैं।
सूत्र ने यह भी बताया कि वीपीएफ अनफेयर अमाउंट है, जो मल्टीप्लेक्स द्वारा चार्ज की जा रही है। हॉलीवुड फिल्मों से यह राशि नहीं ली जाती है। सूत्र ने कहा, 'हॉलीवुड फिल्मों को छूट मिल रही है लेकिन इंडियन मूवीज को मोटी रकम देनी पड़ रही है। यह चीजें कैसे हो सकती हैं? पीवीआरइनॉक्स को वायकॉम 18 के साथ वीपीएफ से छूट के समझौते की पूरी जानकारी थी। अब वो रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग शुरू होने के बाद मोटी रकम की डिमांड कर रहे हैं। मल्टीप्लेक्स लीडर निर्माताओं की मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। अब यह देखना है कि पीवीआरइनॉक्स कैसे इस मामले को मेकर्स के साथ सुलझाता है।
