बॉलीवुड

मेगास्टार्स की मेगाफीस पर जॉन अब्राहम ने तोड़ी चुप्पी, बोले 'एक्टिंग की फीस मिलनी चाहिए न कि...'

बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम ने मीडिया से बात करते हुए इंडस्ट्री के कलाकारों की मोटी फीस पर अपनी बात रखी और कहा कि लोगों को एक्टिंग के पैसे मिलने चाहिए न कि साथ में घूमने वाली टीम के लिए उन्हें पे किया जाना चाहिए। जॉन अब्राहम इंडस्ट्री के उन चुनिंदा कलाकारों में से एक हैं, जो बजट में फिल्में बनाने के हक में हैं।

Image

John Abraham

बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम जल्द ही अपनी नई फिल्म द डिप्लोमैट के साथ सिनेमाघरों में दस्तक देंगे। इस फिल्म का डायरेक्शन शिवम नायर ने किया है। जॉन अब्राहम ने फिल्म द डिप्लोमैट के प्रमोशन के दौरान मीडिया से मुलाकात की और बॉलीवुड कलाकारों की मोटी फीस पर चर्चा की। जॉन अब्राहम ने कहा है कि जिस तरह से इंडस्ट्री के कलाकार एक-एक मूवी के लिए 100-200 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं, उससे न केवल फिल्ममेकिंग को बल्कि इंडस्ट्री को भी नुकसान होता है। जॉन ने कहा है कि कलाकारों को एक्टिंग करने के पैसे मिलने चाहिए न कि साथ में घूमने वाली टीम का खर्चा-पानी उन्हें दिया जाना चाहिए।

द हॉलीवुड रिपोर्टर से बात करते हुए जॉन अब्राहम ने कहा है, "आजकल कई सारे कलाकार बड़ी-बड़ी टीमें लेकर घूम रहे हैं, जिनका खर्चा प्रोड्यूसर की जेब पर पड़ता है। कलाकारों को केवल एक्टिंग के पैसे मिलने चाहिए न कि उन्हें उनकी टीम का खर्चा मिलना चाहिए। फिल्म के निर्माता पर अपनी टीम का खर्चा डाल देना गलत बात है, जिससे फिल्म के बजट पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।"

जॉन अब्राहम ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा है, "मुझे नहीं पता है कि एक्टर्स खुद इतनी मोटी रकम लेने का फैसला करते हैं या फिर उनके एजेंट उन्हें ये सलाह देते हैं। मैं मानता हूं कि कलाकार एक बबल में रहते हैं लेकिन हकीकत से इतना दूर रहना भी ठीक नहीं है। आपको अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलना पड़ेगा और असली दुनिया को देखना पड़ेगा। अगर कई लोगों का घर आपकी वजह से चलने वाला है तो आपको उस गंभीरता को समझना पड़ेगा।"

अभिनेता जॉन अब्राहम ने फिल्म जिस्म के साथ साल 2003 में बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। जॉन ने अपने 20 साल से भी लम्बे करियर में अलग-अलग तरह की फिल्में कीं और लोगों के बीच में खास पहचान बनाई। सफल अभिनेता बनने के बाद जॉन ने विक्की डोनर से निर्माता का सफर शुरू किया और उसके बाद से कई सफल फिल्मों का निर्माण किया।

Rahul Sharma
राहुल शर्माauthor

राहुल शर्मा एंटरटनमेंट जर्नलिज्म में 13 वर्षों का समृद्ध अनुभव रखते हैं। वह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम के लीड के रूप में काम कर रहे हैं। जर्नलिज्म में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा करने वाले राहुल अब तक 14,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने कई बड़े बॉलीवुड और टीवी सितारों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं, साथ ही प्रभावशाली फिल्म रिव्यू, फीचर स्टोरीज और रोचक थ्रोबैक आर्टिकल भी लिखे हैं। उनकी लेखन शैली में गहराई, सहजता और इंडस्ट्री की गहरी समझ साफ झलकती है। राहुल को फिल्में देखना, नई जगहों की यात्रा करना और किताबें पढ़ना बेहद पसंद है, जो उनकी रचनात्मकता और कंटेंट गुणवत्ता को और निखारते हैं।

और पढ़ें
End of Article