Randeep Hooda in Shraddha Kapoor's Next: बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'छावा' का निर्देशन करने के बाद अब लक्ष्मण उतेकर ने अपने अगले प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनने जा रही यह मूवी महान लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित एक बायोपिक ड्रामा होगी। इस मूवी में तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर का किरदार निभाने के लिए निर्माताओं ने श्रद्धा कपूर को फाइनल किया है। वहीं दूसरी ओर अब जो लेटेस्ट रिपोर्ट्स सामने आई हैं उनके मुताबिक इस मूवी में श्रद्धा कपूर के अपोजिट मेकर्स ने बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा को कास्ट कर लिया है।
श्रद्धा कपूर स्टारर में हुई रणदीप हुड्डा की एंट्री
पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार श्रद्धा कपूर की यह मूवी इस समय चर्चा का विषय बनी हुई है। इस मूवी में श्रद्धा कपूर के अपोजिट रणदीप हुड्डा को कास्ट किया गया है। मेकर्स को यकीन है कि श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा की जोड़ी इस मूवी के लिए एकदम परफेक्ट है। दोनों ही कलाकार बेहतरीन और बड़े परदे पर अपने-अपने रोल्स को सही तरह से निभाने के लिए जाने-जाते हैं। इस मूवी के माध्यम सेसबसे प्रतिष्ठित लोक कलाकारों में से एक विठाबाई नारायणगावकर के जीवन को बड़े पर दिखाया जाएगा। विठाबाई नारायणगावकर को उनके बेहतरीन काम के लिए दो राष्ट्रपति पुरस्कार भी मिले थे।
वर्कफ्रंट की बात करें तो श्रद्धा कपूर को आखिरी बार फिल्म 'स्त्री 2' में देखा गया था। इस हॉरर कॉमेडी ने बॉक्स ऑफिस पर धांसू कमाई कर मेकर्स को मालामाल कर दिया था। फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ राजकुमार राव, पंकज त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी और अपारशक्ति खुराना सहित कई कलाकार अहम भूमिका में दिखाई दिए थे। वहीं दूसरी ओर रणदीप हुड्डा को सनी देओल की सुपरहिट मूवी 'जाट' में विलेन के रोल में देखा गया था। फिल्म में रणदीप हुड्डा और सनी देओल की ऑनस्क्रीन भिड़ंत देखने को मिली थी। यह मूवी लोगों को खूब पसंद आई थी।
