Shahrukh Khan से लेकर Priyanka Chopra Jonas तक, जानें बॉलीवुड के इन दिग्गज सितारों की पहली सैलरी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 31, 2021, 06:31 AM IST

फिल्म इंडस्ट्री में ऐसे कई सितारे हैं जो आज फर्श से उठकर अर्श तक पहुंच चुके हैं, लेकिन ये सफर इतना आसान नहीं रहा। कुछ सितारों ने 50 रुपये से अपने करियर की शुरूआत की तो कई एक्टर्स ने 100 रुपये से फिल्मों की शुरुआत की।

Shahrukh Khan से लेकर Priyanka Chopra Jonas तक, जानें बॉलीवुड के इन दिग्गज सितारों की पहली सैलरी

फिल्मी दुनिया में अपने लिए जगह बनाना कोई आसान काम नहीं है। मुबंई में हर रोज ना जाने कितने लोग बॉलीवुड में अपनी किस्मत आजमाने आते हैं। किसी को अपना सपना पूरा करने का मौका मिलता है, वहीं कई लोग संघर्ष में ऐसे ही जिंदगी निकाल देते हैं। बॉलीवुड में ऐसे तमाम किस्से मिलते हैं जिसमें कुछ फिल्में और रोल एक्टर को रातोंरात स्टार बना देते हैं। फिल्म इंडस्ट्री में ऐसे कई सितारे हैं जो आज फर्श से उठकर अर्श तक पहुंच चुके हैं, लेकिन ये सफर इतना आसान नहीं रहा।

कुछ सितारों ने 50 रुपये से अपने करियर की शुरूआत की तो कई  एक्टर्स ने 100 रुपये से फिल्मों की शुरुआत की।
ऐसे में इस लेख के माध्यम से आइए जानते हैं बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान से लेकर सलमान खान और आमिर खान तक बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों ने अपने करियर की शुरुआत कितने रुपये से की।

शाहरुख खान

बॉलीवुड के बादशाह यानी शाहरुख खान फिल्म इंडस्ट्री के उन चंद कलाकारों में से एक हैं, जिन्होंने अपने दम पर फिल्म इंडस्ट्री में सिक्का जमाया है। कथित तौर पर अभिनेता ने 50 रुपये से अपने करियर की शुरुआत की थी। शाहरुख ने दिल्ली सिरीफोर्ट में पंकज उदास के कॉन्सर्ट में एक अशर के रूप में काम किया था, जिसके बदले उन्हें 50 रुपये मिले थे। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब अभिनेता एक फिल्म के 100 से 120 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं।

प्रियंका चोपड़ा जोनस

बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकाराओं में शुमार प्रियंका चोपड़ा आज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। प्रियंका चोपड़ा ने ना केवल बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई है बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। अभिनेत्री ने साल 2000 में मिसवर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद पहला असाइनमेंट साइन किया, जिसके उन्हें 5000 रुपये मिले।

अक्षय कुमार

बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार फिल्म इंडस्ट्री के उन कलाकारो में से एक हैं जिन्होंने अपने दम पर इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई है। कथित तौर पर अभिनेता फिल्मों से पहले बैंकॉक में एक शेफ और वेटर का काम करते थे, जिससे उन्हें 1500 रुपये वेतन मिलता था। वहीं अब अभिनेता एक फिल्म के करीब 120 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं।

अमिताभ बच्चन

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन फिल्मों से पहले कोयला खदान में काम करते थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इससे पहले अभिनेता एक शिपिंग फर्म शॉ एंड कंपनी में काम करते थे। उन्होंने बर्ड एंड कंपनी में एक फ्रेट ब्रोकर के रूप में भी काम किया, कथित तौर पर अभिनेता को इसके 500 रुपये मिलते थे। वहीं अब वह एक फिल्म के करीब 18 से 20 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं।

आमिर खान

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान एक फिल्म के करीब 50 से 70 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अभिनेता की पहली तनख्वाह 11000 रुपये थी, जो उन्हें फिल्म कयामत से कयामत तक के लिए मिली थी।

End of Article