Sapna Choudhary Surrenders In Lucknow Court: आज डांसिंग क्वीन सपना चौधरी ने एसीजेएम लखनऊ कोर्ट में खुद को सरेंडर कर दिया था। एक्ट्रेस और डांसर के सरेंडर करने के बाद उन्हें कस्टडी में ले लिया गया था। डांसर कानूनी पचड़े में तब फंसी थीं जब 2018 में वह एक इवेंट के दौरान परफॉर्म करने में नाकाम रही थीं। उनके ऊपर चीटिंग का केस दर्ज किया गया था और यह कहा गया था कि इवेंट के लिए उन्होंने एडवांस में पैसे ले लिए थे लेकिन परफॉर्म नहीं किया। जिसके बाद इस वर्ष अगस्त के महीने में हरियाणवी सिंगर, डांसर और एक्ट्रेस सपना चौधरी के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी किया गया था। कस्टडी में रहने के कुछ देर बाद ही सपना चौधरी को रिहा कर दिया गया।
सरेंडर करने के बाद रिहा हुईं सपना चौधरी
सपना चौधरी को 6 तारीख को कोर्ट में पेश होना था लेकिन जज शांतनु त्यागी ने आपात छुट्टी ले ली थी जिसकी वजह से बेंच नहीं बैठाई थी। एनबीडब्ल्यू रिकॉल पर आज सपना चौधरी कोर्ट में पेश हुईं और उन्होंने सरेंडर कर दिया। सरेंडर करने के बाद उन्हें कस्टडी में ले लिया गया था लेकिन कोर्ट ने उनका वारंट वापस ले लिया और उन्हें रिहा कर दिया। कहा जा रहा है कि एक शर्त पर सपना चौधरी का वारंट वापस लिया गया है। कोर्ट ने यह शर्त रखी है कि उन्हें कोर्ट में पेश होकर सहयोग करना होगा। यह भी कहा जा रहा है कि अब इस मामले की अगली सुनवाई 30 सितंबर को होने वाली है।

क्या है मामला?
बात यह वर्ष 2018 की है जब स्मृति उपवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसमें सपना चौधरी को परफॉर्म करना था। इस प्रोग्राम के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन टिकट 300 रुपए में बेचे गए थे। लेकिन प्रोग्राम वाले दिन वह नहीं आईं जिसकी वजह से लोगों ने खूब हंगामा किया था। जिसके बाद इस प्रोग्राम के ऑर्गेनाइजर्स ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी का इल्जाम लगाया था। इसी मामले के लिए आज सपना चौधरी कोर्ट में पेश हुई थीं।

