Brahmastra Box Office Collection Day 2: रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और आलिया भट्ट (Alia Bhatt) की फिल्म ब्रह्मास्त्र फिल्म इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ी राहत लेकर आई है। नौ सितंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने दूसरे दिन ही भारत में 75 करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर लिया है। पहले दिन के मुकाबले दूसरे दिन फिल्म की कमाई में 20 फीसदी का उछाल आया है। दो दिन में फिल्म ने 75 करोड़ रुपए से अधिक का कलेक्शन कर लिया है। वहीं, तीसरे दिन फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर सेंचुरी लगाना लगभग तय है।
ट्रेड एनालिस्ट सुमित कादेल के अनुसार ब्रह्मास्त्र ने दूसरे दिन (Brahmastra Collection Day 2) सभी भाषाओं में लगभग 41.25 करोड़ रुपए से 43.25 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है। फिल्म का कुल कलेक्शन लगभग 79 करोड़ रुपए हो गया है। हिंदी वर्जन ने शनिवार को 37.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक तेलुगु वर्जन की कमाई में गिरावट दर्ज हुई है। पहले दिन तेलुगु वर्जन ने चार करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। वहीं, दूसरे दिन फिल्म ने महज तीन करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। हालांकि, इसकी भरपाई फिल्म के तमिल वर्जन ने कर दी है। तमिल वर्जन की कमाई 50 फीसदी बढ़ी है।
विदेशों में भी बंपर कमाई (Brahmastra overseas collection)
ब्रह्मास्त्र ने भारत के अलावा विदेशों में भी बंपर कलेक्शन किया है। पहले दिन फिल्म ने अमेरिका और कनाडा में 20 लाख डॉलर की कमाई की है। वहीं, मिडिल ईस्ट में छह लाख 25 हजार रुपए का कलेक्शन किया। ऑस्ट्रेलिया में फिल्म दो लाख 10 हजार डॉलर, यूरोप में एक लाख 50 हजार डॉलर की कमाई की है। फिल्म ने पहले दिन भारतीय और ग्लोबल बॉक्स ऑफिस में कुल मिलाकर 75 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। फिल्म किसी छुट्टी में रिलीज नहीं हुई है, इसके बावजूद बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर रही है।
भारत की बात करें तो ब्रह्मास्त्र कुल 5,019 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है। विदेशों में ये फिल्म 3,894 से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है। फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट के अलावा नागार्जुन, अमिताभ बच्चन और मौनी रॉय अहम रोल में हैं। फिल्म में शाहरुख खान का कैमियो रोल भी है। ब्रह्मास्त्र को क्रिटिक्स की तरफ से मिले-जुले रिव्यू मिले हैं।

