बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार की अपकमिंग फिल्म रक्षाबंधन का ट्रेलर कुछ समय पहले रिलीज हो गया है, जिसे दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। फिल्म में भाई बहन के प्यार को दिखाया गया है। अक्षय इन दिनों फिल्म की स्टार कास्ट के साथ इस फिल्म के प्रमोशन में लगे हुए हैं।
बहन रख रही है हर चीज का ख्याल
फिल्म रक्षाबंधन का गाना 'तेरे साथ हूं मैं' हाल ही में रिलीज हुआ है। अक्षय प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी बहन अलका भाटिया के बारे में बात करते हुए भावुक हो गए। अक्षय ने बहन से अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए बताया कि किस तरह पिछले साल उनकी मां के निधन के बाद से वो हर चीज का ख्याल रख रही हैं और परिवार को सपोर्ट कर रही हैं।
बहन के बारे में अक्षय ने कही ये बात
अक्षय ने अपनी बहन के बारे में बात करते हुए कहा, 'पिछले साल मैंने अपनी मां को खो दिया। मेरी बहन ने हर चीज का ख्याल रखा। वो मेरी मां है। इसका कोई फॉर्मूला नहीं है, कोई टिप नहीं। बस अपने भाई बहनों से प्यार करो।' भाई- बहनों के प्यार के बारे में आगे बात करते हुए अक्षय ने कहा, 'एक भाई कभी भी अपने प्यार की तुलना अपनी बहन के प्यार से नहीं कर सकता। एक बहन का प्यार बहुत ज्यादा होता है।' मालूम हो कि अक्षय की बहन अलका भाटिया फिल्म रक्षाबंधन की प्रोड्यूसर भी हैं।
कब रिलीज होगी फिल्म
अक्षय की फिल्म रक्षाबंधन की बात करें तो इसमें एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर लीड रोल में नजर आएंगी। इसके अलावा सहेजमीन कौर, दीपिका खन्ना, सादिया खातीब और स्मृति श्रीकांत फिल्म में अक्षय की बहनों के रोल में दिखेंगी। फिल्म 11 अगस्त 2022 को रिलीज होगी। वहीं दूसरी तरफ अक्षय कुमार के पास इस समय कई प्रोजेक्ट्स हैं। अक्षय कुमार अब फिल्म गोरखा, राम सेतु, सेल्फी में नजर आने वाले हैं। इसके अलावा अक्षय कुमार ओह माय गॉड के सीक्वल ओह माय गॉड 2 में भी दिखेंगे।

