अजय देवगन से लेकर माधुरी दीक्षित तक, बॉलीवुड के ये सितारे 2022 में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर मचाएंगे धमाल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 4, 2022, 01:16 PM IST

अजय देवगन, शाहिद कपूर से लेकर बॉलीवुड की धक धक गर्ल माधुरी दीक्षित साल 2022 में डिजिटल डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। आइए जानते हैं बॉलीवुड के इन सितारों की डिजिटल डेब्यू फिल्में और वेब सीरीज।

अजय देवगन से लेकर माधुरी दीक्षित तक, बॉलीवुड के ये सितारे 2022 में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर मचाएंगे धमाल

कोरोना का कहर बॉलीवुड के लिए संकट के बादल लेकर आया है। साल 2021 के पहले तिमाही में पहुंचते ही बॉलीवुड ग्रहंण के अंधकार में उलझ गया था। वहीं दूसरी लहर की समाप्ति के बाद ओमीक्रॉन ने दस्तक दे दिया है। देश के कई राज्यों में एक बार फिर सिनेमाघरों में ताला लग गया है। इस महामारी के दौरान लोगों के पास ओटीटी प्लेटफॉर्म पर फिल्म और वेब सीरीज देखना एकमात्र सहारा था, लेकिन ये मजबूरी अब लोगों की पसंद बन चुकी है। लोग अब थिएटर जाने के बजाए घर बैठे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर फिल्म देखना पसंद कर रहे हैं।

यही वजह है कि ओवर द टॉप कटेंट (ओटीटी) के नाम से मशहूर डिजिटल वर्ल्ड धीरे धीरे बड़ा होता जा रहा है, बॉलीवुड के दिग्गज सितारे भी इसकी तरफ आकर्षित हो रहे हैं। अजय देवगन, शाहिद कपूर से लेकर बॉलीवुड की धक धक गर्ल माधुरी दीक्षित साल 2022 में डिजिटल डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। आइए जानते हैं बॉलीवुड के इन सितारों की डिजिटल डेब्यू फिल्में और वेब सीरीज।

माधुरी दीक्षित

बॉलीवुड की धक धक गर्ल के नाम से मशहूर माधुरी दीक्षित सिल्वर स्क्रीन पर तहलका मचाने के बाद अब फिल्म फाइंडिंग अनामिका से डिजिटल डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर इंटरनेट पर रिलीज हुआ था, जिसके बाद से दर्शक आंख गड़ाए फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आपको बता दें लंबे अर्से से माधुरी दीक्षित किसी फिल्म में नजर नहीं आई थी, उन्हें आखिरी बार करण जौहर की फिल्म कलंक में देखा गया था।

शाहिद कपूर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शाहिद कपूर जल्द ही वेब सीरीज के जरिए डिजिटल डेब्यू करने वाले हैं। हालांकि अभी वेब सीरीज का नाम सामने नहीं आया है, लेकिन इसका निर्देशन स्त्री और द फैमिली मैन जैसी फिल्म और वेब सीरीज को निर्देशित करने वाले डायरेक्टर राज निडिमोरू और कृष्ण डीके करेंगे।

अजय देवगन

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेताओं में शुमार अजय देवगन सिल्वर स्क्रीन पर धमाल मचाने के बाद हॉटस्टार की क्राइम ड्रामा सीरीज रुद्र-द एज ऑफ डार्कनेस से डिजिटल डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। सूत्रों की मानें तो इस सीरीज में अजय देवगन पुलिस अफसर के किरदार में नजर आएंगे। सीरीज डिज्नी प्लस हॉटस्टार वीआईपी पर रिलीज होगी।

सोनाक्षी सिन्हा

बॉलीवुड की दबंग गर्ल पिछले कुछ वक्त से सिल्वर स्क्रीन पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पा रही हैं। शायद यही वजह है कि अभिनेत्री ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपना जलवा बिखेरने का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनेत्री जल्द ही अमेजन प्राइम वीडियो की फॉलन वेब सीरीज से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर डेब्यू करने वाली है। इसके अलावा अभिनेत्री ने एक और वेब सीरीज के लिए साइन किया है, हालांकि अभी इसका नाम सामने नहीं आया है।

अपारशक्ति खुराना

बॉलीवुड एक्टर अपारशक्ति खुराना जल्द ही विक्रमादित्य मोटवानी की वेब सीरीज से डिजिटल डेब्यू करने वाले हैं। इस सीरीज में 1947 से 1989 तक फिल्म इंडस्ट्री के सफर को दिखाया जाएगा। बता दें यह एक पीरियड ड्रामा सीरीज है, जिसमें अपारशक्ति खुराना मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।

आदित्य राय कपूर

आदित्य रॉय कपूर जल्द ही द नाइट मैनेजर फिल्म से डिजिटल डेब्यू करने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक अभिनेता इस सीरीज में टॉम हिडलेस्टन की भूमिका में नजर आएंगे।

End of Article