Akshay Kumar on Hindi Language: बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला का अच्छा खासा बज बना हुआ है। इस मूवी को देखने के लिए लोग बेताब हैं। हाल ही में फिल्म भूत बंगला का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसे देखकर लोग गदगद हो गए। अक्षय कुमार अपनी फिल्म भूत बंगला का प्रमोशन जोर-शोर से कर रहे हैं। इस बीच अक्षय कुमार ने बॉलीवुड में चल रहे भाषा विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है। अक्षय कुमार ने ऐसी बात कह दी है कि लोग दंग रह गए हैं।
भाषा को लेकर चल रहे विवाद पर अक्षय कुमार ने तोड़ी चुप्पी
अक्षय कुमार अब अपनी फिल्म भूत बंगला के लिए तैयार हैं। इस फिल्म में अक्षय निर्देशक प्रियदर्शन के साथ फिर से काम कर रहे हैं। यह उनकी 15 साल बाद प्रियदर्शन के साथ री-यूनियन है। हाल ही में एक इंटरव्यू में अक्षय कुमार ने इंडस्ट्री में भाषा को लेकर अपनी राय साफ-साफ बताई। आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में अक्षय कुमार ने कहा, '90 के दशक में अवॉर्ड नाइट हो या कोई भी कार्यक्रम, मैं हमेशा हिंदी में ही बोलता था। आमतौर पर भी मैं हिंदी में ही बात करता हूं। कई बार ऐसे कॉन्क्लेव में जहां सब अंग्रेजी बोल रहे होते हैं, मैं हाथ जोड़कर कह देता हूं कि आप अंग्रेजी में बोलिए, लेकिन मैं हिंदी में बोलूंगा। यह मेरी सुविधा है।'
भूत बंगला में नजर आएंगे ये सितारे
बता दें कि उस समय अंग्रेजी बोलना बहुत आम था, लेकिन अक्षय कुमार और गोविंदा जैसे कुछ ही अभिनेता हमेशा हिंदी चुनते थे। अक्षय ने बताया कि उनके लिए हिंदी सिर्फ दिखावा नहीं, बल्कि आराम और सच्चाई की बात है। फिलहाल अक्षय कुमार अपनी आगामी फिल्म भूत बंगला का प्रमोशन कर रहे हैं। इस हॉरर कॉमेडी फिल्म में उनके साथ परेश रावल, तब्बू, वमिका गब्बी, राजपाल यादव, मिथिला पालकर, जिशू सेनगुप्ता, राजेश शर्मा और स्वर्गीय अभिनेता असरानी भी हैं। इसके अलावा अक्षय कुमार प्रियदर्शन की दूसरी फिल्म हैवान में भी काम कर रहे हैं। इस फिल्म में सैफ अली खान, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर हैं।
