इलेक्शन

Bihar Election: अररिया में विपक्षी दलों पर गरजे सीएम सीएम योगी, 'पंचर बनाने वाले आकर विकास को कर देंगे पंचर'

अररिया के नरपतगंज में जनसभा को संबोधित करते हुए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में फिर से ‘जंगलराज’ लौटाने की साजिश हो रही है। सीएम योगी ने कांग्रेस-राजद पर जातिवाद, माफियागीरी और अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए एनडीए के सुशासन और विकास मॉडल की सराहना की।

Image

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (ANI)

Photo : ANI

Bihar Election 2025: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को नरपतगंज हाईस्कूल स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों कांग्रेस, राजद और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन की अररिया जनपद में आयोजित इस जनसभा के जरिए यूपी के मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में फिर से 'जंगलराज' लाने की कोशिश करने वालों को रोकना जरूरी है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंचर बनाने वाले यहां आकर विकास को पंचर करने का काम करना चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेताया कि नरपतगंज को किसी भी तरह से 'घुसपैठियों का लॉन्चिंग पैड' नहीं बनने देना है।

कांग्रेस-राजद ने बिहार के नौजवानों को बेरोजगार बनाया - योगी

यूपी के मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस बिहार ने दुनिया को नालंदा विश्वविद्यालय और ज्ञान की रोशनी दी, उसी बिहार को कांग्रेस और राजद की जोड़ी ने निरक्षरता और अराजकता की तरफ धकेल दिया। इस धरती ने मां जानकी, महात्मा बुद्ध और भगवान महावीर को जन्म दिया है। यही धरती आर्यभट्ट, चाणक्य और चंद्रगुप्त मौर्य की धरती है, लेकिन कांग्रेस-राजद ने इस पवित्र भूमि को जातीय विभाजन और माफियागीरी से कलंकित किया। कांग्रेस और राजद ने समाज को जाति के नाम पर बांटा, सरकारी खजानों की लूट मचाई और बिहार के नौजवानों को बेरोजगार बनाया। इनकी करनी से बिहार बीमारू बन गया, जबकि यह वही भूमि है जिसने भारत को स्वर्ण युग दिया।

सीएम योगी ने विपक्षी गठबन्धन पर सीधे-सीधे आरोप लगाया कि कांग्रेस, राजद और उनके सहयोगी जातिगत विभाजन और माफिया-समर्थन के जरिए बिहार में अराजकता के लिए जिम्मेदार हैं। सभा में योगी ने यह भी कहा कि यूपी में माफिया पर बुलडोजर चलता है और उसकी हड्डी पसली एक कर दी जाती है। माफिया द्वारा कब्जा की गई जमीन पर गरीबों के लिए हवेलियां बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार जब से कांग्रेस-राजद के दौर से बाहर आया है, तब से ही विकास की राह खुली है। जो लोग कभी जाति को जाति से लड़ाने और खानदानी माफिया को संरक्षण देने में लगे रहे, वे अब फिर से वही हालात पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राजद ने मिलकर समाज को बांटा, नौजवानों के अवसर छीने और किसानों तथा सामान्य जनता को विषम हालात में डाल दिया।

न कर्फ्यू, न दंगा, यूपी में सब चंगा - सीएम योगी

सीएम योगी ने यूपी के पिछले साढ़े आठ साल के डबल इंजन शासन का जिक्र कर कहा कि वहां कर्फ्यू और दंगे अब नहीं हैं। 'न कर्फ्यू, न दंगा, यूपी में सब चंगा।' वह इसे एनडीए के सुशासन की सफलता के रूप में पेश करते दिखे। उन्होंने बिहार के विकास के लिए नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि 2005 के बाद से बिहार में रोड, बिजली, पेयजल, शैक्षणिक और चिकित्सा संस्थानों की श्रृंखला बनकर आई है और मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 11 साल में यह और भी तेज हुआ।

योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण और उससे जुड़े विकास कार्यों का भी संदर्भ देते हुए कहा कि आस्था और विकास दोनों का सम्मान एनडीए ही करेगा। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि एनडीए जो कहता है, वह कर करके दिखाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर कहा था कि राम तो हुए ही नहीं। आरजेडी ने रथयात्रा को रोका था और समाजवादी पार्टी ने रामभक्तों पर गोली चलाई थी। लेकिन आज अयोध्या में भगवान श्रीराम विराजमान हैं और भव्य राम मंदिर बन चुका है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article