इलेक्शन

किस्मत हो तो सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी जैसी! बीच चुनाव BJP ने बनाया दिया मंत्री, भड़की कांग्रेस बोली- आचार संहिता का है उल्लंघन

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 30, 2023, 10:18 PM IST

​​सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी आज की तारीख में राजस्थान के करणपुर सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं। इस सीट पर 25 नवंबर को वोटिंग नहीं हुई थी, क्योंकि यहां कांग्रेस प्रत्याशी की मौत हो गई थी।

Image

सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी बनें राजस्थान सरकार में मंत्री

Photo : ANI

राजस्थान में आज नई नवेली भाजपा सरकार के मंत्रियों ने शपथ ली। शनिवार को भजनलाल शर्मा सरकार का कैबिनेट विस्तार हुआ और कुल 22 नेताओं ने मंत्रीपद की शपथ ली। इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी का है। सुरेंद्र पाल सिंह टीटी ने नवगठित भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राजस्थान सरकार में स्वतंत्र प्रभार के साथ राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली।

कौन हैं सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी

सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी आज की तारीख में राजस्थान के करणपुर सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं। इस सीट पर 25 नवंबर को वोटिंग नहीं हुई थी, क्योंकि यहां कांग्रेस प्रत्याशी की मौत हो गई थी। अभी करणपुर सीट पर मतदान ही नहीं हुआ तो रिजल्ट की बात ही छोड़ दीजिए, ऐसे में टीटी का मंत्री बनना, उनकी किस्मत की कहानी बयां कर रहा है।

भड़की कांग्रेस

सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी को मंत्री बनने के बाद से कांग्रेस भड़की दिख रही है। पूर्व सीएम अशोक गहलोत से लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष तक बीजेपी पर हमला बोलते दिख रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स पर लिखा- ठकरणपुर में 5 जनवरी को होने वाले मतदान की आचार संहिता के प्रभावी होने के बावजूद वहां से भाजपा प्रत्याशी को मंत्री बनाना आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन एवं वहां के मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास है। निर्वाचन आयोग को इस पर संज्ञान लेकर अविलंब कार्रवाई करनी चाहिए। इस तरह के असंवैधानिक कदम उठाना लोकतंत्र में दुर्भाग्यपूर्ण है। यह भाजपा आलाकमान के अहंकार को दर्शाता है।"

करणपुर सीट का समीकरण

करणपुर गंगानगर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी और तत्कालीन विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था। इस सीट पर अब पांच जनवरी को मतदान होगा। वोटों की गिनती आठ जनवरी को होगी। इस सीट पर भाजपा की ओर से पूर्व मंत्री सुरेंद्रपाल उम्मीदवार हैं तो कांग्रेस ने कुन्नर के बेटे रुपिंदर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। करणपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 249 मतदान केंद्र हैं। छह दिसंबर तक यहां 2 लाख 40826 मतदाता थे।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article