Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राजद (RJD) और तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि “बिहार में आरजेडी अब कंफ्यूज और डिफ्यूज दोनों दिख रही है।”
सम्राट चौधरी ने कहा कि तेजस्वी यादव जनवरी से लगातार घोषणाएं कर रहे हैं, कभी पुराना घोषणा पत्र जारी करते हैं तो कभी नया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “लालू यादव का परिवार लूट और भ्रष्टाचार के लिए जाना जाता है। अब हार के डर से ये लोग चुनाव आयोग और प्रधानमंत्री पर आरोप लगा रहे हैं।”
आरजेडी को जनता ने नकार दिया है: सम्राट चौधरी
बीजेपी नेता ने कहा कि राहुल गांधी को भी पहले से ही हार का अंदेशा है, इसलिए वो वोट चोरी की बात करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि “RJD चुनाव में कहीं नहीं है, जनता उन्हें पूरी तरह नकार चुकी है।”
सम्राट चौधरी ने बिहार के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि 2005 से 2020 के बीच राज्य में 5 लाख किलोमीटर सड़कें बनीं, हर घर तक बिजली पहुंची और आज हर जिले में मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज खोले जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि दूध उत्पादन 128 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गया है, जबकि मछली उत्पादन 9 मीट्रिक टन है।
तेजस्वी यादव पर साधा निशाना
उन्होंने आरोप लगाया कि “लालू यादव के परिवार ने कई सरकारी जमीनें हड़पी हैं। सरकार बनने के बाद हम न्यायालय जाकर उन जमीनों पर स्कूल और अस्पताल खोलेंगे।” प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में सम्राट चौधरी ने जनता से अपील की कि जैसे पहले चरण में उन्होंने एनडीए को समर्थन दिया, वैसे ही दूसरे चरण में भी विकास और सुशासन के नाम पर वोट दें। तेजस्वी यादव के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चौधरी ने कहा, “अगर तेजस्वी सच में ईमानदारी की बात करते हैं, तो पहले अपने पिता को जेल भेजें, जो पंजीकृत अपराधी हैं।”
