Lok Sabha Elections Results 2024: केरल में भाजपा को एंट्री मिल गई है। केरल की त्रिशूर सीट से भाजपा उम्मीदवार सुरेश गोपी ने जीत दर्ज की। इसी के साथ इस दक्षिणी राज्य में भाजपा का खाता खुल गया है।
मलयालम फिल्म स्टार सुरेश गोपी (फाइल फोटो)
एग्जिट पोल में भले ही मलयालम फिल्म स्टार सुरेश गोपी को तीसरा स्थान मिला था, लेकिन अंतिम चुनावी नतीजों ने सभी को चौंका दिया। भाजपा उम्मीदवार सुरेश गोपी ने भाकपा के वीएस सुनीलकुमार और कांग्रेस के मुरलीधरन को पटखनी दे दी है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, सुरेश गोपी ने भाकपा उम्मीदवार वीएस सुनीलकुमार को एक दिलचस्प मुकाबले में हराया। सुरेश गोपी को कुल 4,12,338 वोट मिले, जबकि सुनीलकुमार को 3,37,652 मत मिले। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद के. मुरलीधरन 3,28,124 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
कौन हैं सुरेश गोपी? (Who is Suresh Gopi)
'ओदायिल निन्नु' नामक फिल्म के जरिए सुरेश गोपी ने मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था। इस फिल्म में उन्होंने बाल कलाकार की भूमिका निभाई थी। इसके बाद 1986 में 'टीपी बालगोपालन एम' फिल्म पर एक छोटा सा करिदार मिला फिर भी वह डटे रहे और आज मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में उनके नाम का बोलबाला है।
सीढ़ी दर सीढ़ी वह आगे बढ़ते रहे और ठीक ऐसा ही राजनीति में भी देखने को मिला। भले ही सुरेश गोपी को 2019 के लोकसभा चुनाव और 2021 के विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा हो, लेकिन वह कभी भी मेहनत से कतराए नहीं और भाजपा के पक्ष में माहौल बनाया। जिसका परिणाम आज सभी के सामने है। सुरेश गोपी ने त्रिशूर सीट से अंतत: लोकसभा चुनाव जीत ही लिया।
