Lok Sabha Election 2024: सुहेलदेव समाज पार्टी के चीफ ओपी राजभर ने उत्तर प्रदेश की पांच और बिहार की 4 लोकसभा सीटों पर दावा ठोक दिया है। एनडीए गठबंधन में शामिल राजभर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करते इन सीटों पर दावा ठोका है। राजभर के बेटे और सुभासपा के मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर ने ये जानकारी दी है।
नड्डा और शाह से मुलाकात
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार अरुण राजभर ने कहा कि ओपी राजभर ने जेपी नड्डा और अमित शाह से मुलाकात के दौरान अपनी मांगें रखीं हैं। उन्होंने बताया कि सुभासपा अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और बस्ती जिलों में जनवरी के बाद नड्डा और शाह की बड़ी रैलियां आयोजित करने की भी पेशकश की, जिसे दोनों भाजपा नेताओं ने स्वीकार किया है।
क्या बोली भाजपा
अरुण ने बताया कि इस पर अमित शाह और नड्डा ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए समय आने पर कोई निर्णय लेने की बात कही है। अरुण ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी चर्चा की गई। इस दौरान शाह ने सुभासपा अध्यक्ष से खरमास तक रुकने के लिये कहा है। उम्मीद है कि यह विस्तार आगामी 16 जनवरी के बाद होगा। उन्होंने दावा किया कि शाह और नड्डा ने ओम प्रकाश राजभर को मंत्री बनाने का आश्वासन भी दिया है।
कौन-कौन सी सीटें
राजभर ने शाह और नड्डा से मुलाकात के दौरान गठबंधन के तहत उत्तर प्रदेश की गाजीपुर, बलिया, मऊ, सलेमपुर और चंदौली लोकसभा सीट मांगी है। इसके अलावा बिहार की नवादा, वाल्मीकि नगर, सीवान और काराकाट लोकसभा सीट देने की भी मांग की है।
