इलेक्शन

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने बनाया खास प्लान, जानें किन मुद्दों पर जोर देने की है तैयारी

Haryana Chunav: लोकसभा चुनाव के बाद अब सभी सियासी पार्टियां विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुट गई हैं। भाजपा ने हरियाणा के लिए अपनी कमर कस ली है। चुनावी रणनीति तैयारी करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने हरियाणा के कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस के 'झूठ' और 'कुशासन' का पर्दाफाश करें।

Image

हरियाणा चुनाव की तैयारी में धर्मेंद्र प्रधान।

Photo : Twitter

Assembly Election 2024: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए कमर कसने और कांग्रेस के ‘झूठ’ और ‘कुशासन’ को उजागर करने के लिए जनसंपर्क बढ़ाने को कहा। प्रधान को हाल ही में हरियाणा के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रधान ने रोहतक में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और पार्टी के वरिष्ठ नेता बिप्लब कुमार देब के साथ पार्टी के एक कार्यक्रम को संबोधित किया।

चुनाव की तैयारियों में जुटने की सलाह

हरियाणा का चुनाव प्रभारी नियुक्त होने पर प्रधान को स्थानीय इकाई द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अलावा मनोहर लाल और गुर्जर को भी सांसद निर्वाचित होने पर सम्मानित किया गया। प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद हरियाणा में एक बार फिर गरीबों, किसानों, वंचित वर्गों और आम लोगों की सरकार सत्ता में आएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से तैयारी में जुटने को कहा।

कार्यकर्ताओं से क्या बोले धर्मेंद्र प्रधान?

उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी मुकाबले या मुश्किल काम की सफलता में कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सैनी या किसी अन्य की तरह कार्यकर्ताओं का पार्टी पर पूरा अधिकार है। प्रधान ने कहा कि भाजपा हरियाणा को नयी ऊंचाइयों पर ले जा सकती है और राज्य की प्रगति के बिना देश की प्रगति संभव नहीं है।

चुनाव में अब करीब 100 दिन बचे हैं- प्रधान

उन्होंने कहा, 'हम पूरी ईमानदारी से लोगों की सेवा करते आ रहे हैं। हरियाणा में 19,812 बूथ, 7,200 गांव और 22 जिले हैं।' प्रधान ने कहा कि चुनाव में अब करीब 100 दिन बचे हैं और इस ‘मिशन 100 दिन’ में पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान व्याप्त ‘झूठ’ और ‘कुशासन’ को उजागर करना चाहिए।

हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यह झूठ फैलाया कि अगर भाजपा दोबारा केंद्र की सत्ता में आई तो वह आरक्षण खत्म कर देगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कांग्रेस के फैलाए झूठ से गुमराह न हों। हाल के सप्ताह में कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि लोगों ने हरियाणा में कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने का मन बना लिया है। इस पर प्रधान ने कहा, 'जो लोग सोचते हैं कि वे एक बार फिर हरियाणा को लूट सकते हैं, उन्हें यह सपना देखना छोड़ देना चाहिए। भाजपा तीसरी बार सत्ता में आने जा रही है।'

'दलितों पर हुए अत्याचारों' का मुद्दा उठाया

भाजपा नेता ने कहा कि लोग कांग्रेस शासन के दौरान 'दलितों पर हुए अत्याचारों' को अब भी नहीं भूले हैं। प्रधान ने गरीबों, दलितों, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अन्य वर्गों के हितों के लिए केंद्र और हरियाणा में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों द्वारा उठाए गए कदमों की चर्चा की। उन्होंने कहा, 'हमें कांग्रेस के भ्रष्टाचार और कुशासन को जनता के सामने ले जाना होगा।'

प्रधान ने कहा कि कांग्रेस के समय में लूट, भ्रष्टाचार और वंशवाद का बोलबाला था और भाजपा के आने के बाद ‘सुशासन’ पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा, 'हम हरियाणा को आगे ले जाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।' इस मौके पर मनोहर लाल ने कहा, 'हमारा लक्ष्य हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाना है। आज तक किसी भी पार्टी ने लगातार तीन बार सरकार नहीं बनाई है और भाजपा यह रिकॉर्ड बनाएगी।'

मनोहर लाल खट्टर ने कांग्रेस पर साधा निशाना

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस पार्टी ने तरह-तरह की अफवाहें और झूठ फैलाए हैं। मनोहर लाल ने सभा में कहा, 'वे विधानसभा चुनावों में भी इसी तरह की अफवाहें फैलाएंगे। लेकिन हमें सतर्क रहना होगा।' उन्होंने कहा, 'हरियाणा में हमारे 10 वर्षों के कार्यकाल के दौरान, हमने प्रौद्योगिकी का उपयोग किया ताकि लोगों को उनके दरवाजे पर योजना को लाभ मिल सके। कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार और पक्षपात का बोलबाला था, जबकि मौजूदा सरकार ने सुशासन स्थापित किया है।' मनोहर लाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोगों के सामने कांग्रेस के झूठ को उजागर करने को कहा।

क्या बोले सह-प्रभारी बिप्लब कुमार देव?

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य के सह-प्रभारी बिप्लब कुमार देव ने अपने संबोधन में कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, 'वे बाप-बेटा की सरकार चाहते हैं, लेकिन लोगों ने भाजपा सरकार को सत्ता में वापस लाने का मन बना लिया है।' देव ने आरोप लगाया कि हरियाणा में कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान ‘जंगल राज’ था जबकि अब जनता का राज है। उन्होंने कहा, 'हम किसी परिवार के लिए काम नहीं करते, हम जनता और हरियाणा के लिए काम करते हैं।'

2047 तक विकसित बनाने का मुद्दा

इस मौके पर मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि देश को 2047 तक विकसित बनाया जाए और इसमें हरियाणा भी अपनी भूमिका निभा रहा है। सैनी ने कहा, 'अक्टूबर में भाजपा भारी बहुमत के साथ हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाएगी।' उन्होंने कहा, 'हमारे कार्यकर्ता जनता के सामने कांग्रेस का पर्दाफाश करेंगे और उनका झूठ सफल नहीं होगा।'

केंद्रीय मंत्री गुर्जर ने भी इसी तरह के विचार रखे और पार्टी कार्यकर्ताओं से हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए अगले तीन माह कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, पूर्व गृह मंत्री अनिल विज और हाल ही में भाजपा में शामिल हुईं किरण चौधरी भी रोहतक में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article