इलेक्शन

Chhattisgarh Congress: हार के बाद कांग्रेस का छत्तीसगढ़ में बड़ा फैसला, चरण दास महंत को बनाया नेता प्रतिपक्ष, अध्यक्ष बने रहेंगे दीपक बैज

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 16, 2023, 09:47 PM IST

Chhattisgarh Congress: शनिवार को कांग्रेस की ओर से जानकारी दी गई कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चरण दास महंत को छत्तीसगढ़ के सीएलपी नेता के रूप में तत्काल प्रभाव से नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

Image

चरण दास महंत को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Chhattisgarh Congress: छत्तीसगढ़ में अप्रत्याशित हार के बाद कांग्रेस ने बड़ा फैसला लिया है। कांग्रेस ने अपने पुराने नेता चरण दास महंत को छत्तीसगढ़ में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी दी है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दीपक बैज अपने पद पर बने रहेंगे।

खड़गे ने की नियुक्ति

शनिवार को कांग्रेस की ओर से जानकारी दी गई कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चरण दास महंत को छत्तीसगढ़ के सीएलपी नेता के रूप में तत्काल प्रभाव से नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से यह जानकारी दी गई है। विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष ने दीपक बैज को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में जारी रखने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।

खड़गे को विधायकों ने दिया था अधिकार

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों की बुधवार को हुई एक बैठक में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसके मुताबिक विधायकों ने राज्य में विधायक दल के नेता के चुनाव का अधिकार पार्टी अध्यक्ष खड़गे को दिया था। जिसके बाद खड़गे ने चरण दास महंत पर भरोसा जताया है।

कौन हैं चरण दास महंत

चरण दास महंत छत्तीसगढ़ विधानसभा के स्पीकर भी रह चुके हैं। कांग्रेस से सांसद और मनमोहन सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। फिलहाल चरण दास महंत सक्ती सीट से विधायक हैं।

भूपेश बघेल साइडलाइन

बड़ी बात यह है कि कांग्रेस आलाकमान ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कोई भी बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी है, जबकि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने की स्थिति में मुख्यमंत्री पद के प्रथम दावेदार भूपेश बघेल ही माने जा रहे थे।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article