Assembly Election Results 2022 : उत्तर प्रदेश समेत चारों राज्यों में सरकार बनाने की स्थिति में BJP, पंजाब में बनेगी AAP की सरकार
Election Result 2022 Today Counting, UP, Uttarakhand, Manipur, Goa, Punjab Election Result 2022 : आज पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर (विधानसभा चुनाव नतीजे 2022) के चुनाव नतीजे आ रहे हैं। पांचों राज्यों में वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से जारी है। यहां आप नतीजों से जुड़ा हर अपडेट पढ़ पाएंगे। किस राज्य में कौन आगे चल रहा है, कौन पीछे चल रहा है, कहां किसकी सरकार बन रही है, सारी जानकारियां मिलेंगीं।
Election Result 2022 Today Counting, UP, Uttarakhand, Manipur, Goa, Punjab Election Result 2022: उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। यूपी के अलावा पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी वोटों की गिनती हो रही है। उत्तर प्रदेश में बीजेपी बड़ी जीत हासिल करती दिख रही है। भाजपा 260 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, वहीं समाजवादी पार्टी 130 से ज्यादा सीटों पर आगे हैं। वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी (BJP) को बड़ी जीत मिलती दिख रही है, पार्टी 117 में से 92 सीटों पर आगे है।
उत्तराखंड में भी बीजेपी को आसानी से बहुमत मिलता दिख रहा है। इसके अलावा गोवा और मणिपुर में भी बीजेपी ने अच्छी बढ़त ले रखी है। अब तक के रुझानों/नतीजों के अनुसार, बीजेपी 4 राज्यों में सरकार बना सकती है, जहां उसकी पहले से सरकार है, वहीं पंजाब में कांग्रेस सत्ता से बाहर हो रही है और आप की सरकार बनती दिख रही है।
UP: जसवंतनगर से शिवपाल सिंह यादव जीते
लगभग 80 हजार वोटों से जसवंतनगर सीट से शिवपाल यादव की जीत हुई है।
UP: कांग्रेस अध्यक्ष हारे
कांग्रेस के यूपी अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू तमकुही राज सीट से बीजेपी उम्मीदवार से हार गए।
मौर्य ने स्वीकारी हार
फाजिलनगर से चुनाव हारे स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि समस्त विजयी प्रत्याशियों को बधाई। जनादेश का सम्मान करता हूँ। चुनाव हारा हूँ, हिम्मत नहीं। संघर्ष का अभियान जारी रहेगा।
पंजाब में AAP, उत्तराखंड में बीजेपी को बहुमत
पंजाब में आप को 92, कांग्रेस को 18 सीटें मिलती दिख रही हैं। उत्तराखंड में बीजेपी को 48 और कांग्रेस को 18 सीटें मिलती दिख रही हैं। गोवा में बीजेपी को 19 और कांग्रेस को 12 सीट मिलती दिख रही हैं। इसके अलावा मणिपुर में बीजेपी को 30, कांग्रेस को 4 सीटें मिल सकती हैं।
Uttarakhand: हरीश रावत ने ली कांग्रेस की हार की जिम्मेदारी
कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड की जनता का दिल जीतने की हमारी कोशिश कुछ कम थी। हमें यकीन था कि लोग बदलाव के लिए वोट करेंगे, हमारे प्रयासों में कोई कमी रही होगी, मैं इसे स्वीकार करता हूं और हार की जिम्मेदारी लेता हूं।
यूपी की मंत्री रहीं स्वाति सिंह के पति दयाशंकर सिंह जीते, सरधना सीट से बीजेपी के संगीत सोम की हार
चुनाव से पहले सपा में शामिल हुए भाजपा के पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी सहारनपुर की नकुड़ सीट से भाजपा उम्मीदवार मुकेश चौधरी से हार गए हैं, वहीं मेरठ की सरधना सीट से बीजेपी के संगीत सोम सपा के अतुल प्रधान से हार गए हैं इसके अलावा बलिया सदर सीट से यूपी बीजेपी उपाध्यक्ष और यूपी की मंत्री रहीं स्वाति सिंह के पति दयाशंकर सिंह जीत गए हैं।
जनता के फैसले को विनम्रता से स्वीकार करते हैं: राहुल गांधी
विधानसभा चुनाव के नतीजों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि जनता के फैसले को विनम्रता से स्वीकार करते हैं। जनादेश जीतने वालों को शुभकामनाएं। मैं सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों को उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए धन्यवाद देता हूं। हम इससे सीखेंगे और भारत के लोगों के हित के लिए काम करते रहेंगे।
Punjab Result: चन्नी ने स्वीकार की हार
चरणजीत सिंह चन्नी ने ट्वीट कर कहा कि मैं पंजाब के लोगों के फैसले को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूं और आम आदमी पार्टी और उनके चुने हुए सीएम भगवंत मान को जीत के लिए बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि वे लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।
पंजाब में आप 92, कांग्रेस 18, अकाली दल 4 और बीजेपी + 2 सीटों पर आगे है।
लखीमपुर खीरी की सभी 8 सीटों पर बीजेपी की जीत
लखीमपुर सीट से योगेश वर्मा, श्रीनगर से मंजू त्यागी, निघासन से शशांक वर्मा, धौरहरा से विनोद शंकर अवस्थी, पलिया से रोमी सहनी, कस्ता से सौरभ सिंह सोनू, मोहमदी से लोकेंद्र प्रताप और गोला से अरविंद गिरी जीते। 2017 में भी सभी सीटो पर बीजेपी का कब्जा था।
सपा ने बेहतर चुनाव लड़ा: शरद पवार
NCP प्रमुख शरद पवार ने कहा कि पंजाब की जनता ने भाजपा और कांग्रेस को हराकर आम आदमी पार्टी को जनादेश दिया। पंजाब के किसानों के दिल में पीएम मोदी के खिलाफ गुस्सा था। बीजेपी को महाराष्ट्र में ढाई साल इंतजार करना होगा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की गलती नहीं है, उन्होंने अपने दम पर चुनाव लड़ा। उन्हें चुनाव परिणामों के बारे में नहीं सोचना चाहिए क्योंकि इस देश में उनका कद ऊंचा है। उन्होंने पहले से बेहतर लड़ाई लड़ी है।
भीमराव अंबेडकर और शहीद भगत सिंह के सपने को पूरा करेंगे: सिसोदिया
आप नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि हम बाबा भीमराव अंबेडकर और शहीद भगत सिंह के सपने को पूरा करेंगे। अब लोगों को राजनीति में एक विकल्प मिल गया है और पंजाब के लोगों ने उस विकल्प को मौका दिया है।
Punjab: सिद्धू-मजीठिया हारे
नवजोत सिंह सिद्ध अमृतसर ईस्ट से 6750 वोट से हार गए, शिरोमणि अकाली दल के बिक्रम सिंह मजीठिया 14,408 वोटों से हारे। वहीं AAP के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान धूरी से 58,206 वोटों से जीते हैं।
Goa Chunav: गोवा में बीजेपी आराम से बना रही सरकार
भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि गोवा के लोगों ने हमें स्पष्ट बहुमत दिया है। हमें 20 सीटें या 1-2 सीटें ज्यादा मिलेंगी। लोगों ने पीएम मोदी पर भरोसा जताया है। हमारे साथ निर्दलीय उम्मीदवार आ रहे हैं। एमजीपी भी हमारे साथ आ रहा है और सबको साथ लेकर हम अपनी सरकार बनाएंगे।
Manipur Result: मणिपुर में बीजेपी की हो रही वापसी
मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने कहा कि हमें सरकार बनाने का दावा पेश करने में समय लगेगा, नतीजे आने दीजिए। हमारे राष्ट्रीय नेता सीएम के चेहरे पर फैसला करेंगे, हम पीएम मोदी के समावेशी विकास के मंत्र पर ध्यान देंगे।
मणिपुर में बीजेपी 30, कांग्रेस 8, एनपीपी 9, एनपीएफ 5 सीटों पर आगे है।
कांग्रेस पार्टी को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा: संजय राउत
विधानसभा चुनाव परिणामों पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि इन चुनावों में कांग्रेस पार्टी को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा है। हमें अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। पंजाब में लोगों को एक और विकल्प मिला और आप को चुन लिया। भाजपा की जीत उनके चुनाव प्रबंधन की भी जीत है।
Goa Election Result: गोवा में बीजेपी के साथ 3 निर्दलीय विधायक
बिचोलिम निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. चंद्रकांत शेट्टी, कोरटालिम से निर्दलीय उम्मीदवार मैनुअल वाज और कर्टोरिम से एलेक्सियो रेजिनाल्डो ने ने भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने की घोषणा की है।
गोवा में बीजेपी 19, कांग्रेस 12, आप 3 और अन्य 6 सीटों पर आगे हैं।
अकाली दल ने स्वीकारी हार
अकाली दल के सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि हम पूरे दिल से और पूरी विनम्रता के साथ पंजाबियों द्वारा दिए गए जनादेश को स्वीकार करते हैं। मैं उन लाखों पंजाबियों का आभारी हूं जिन्होंने हम पर और शिअद-बसपा कार्यकर्ताओं को उनके निस्वार्थ परिश्रम के लिए भरोसा दिया। उन्होंने हमें जो भूमिका सौंपी है, उसमें हम नम्रता के साथ उनकी सेवा करते रहेंगे। मैं अकाली दल के अध्यक्ष के रूप आम आदमी पार्टी और उनके नेता भगवंत मान को पंजाब चुनाव में उनकी जीत पर बधाई देता हूं। मैं उन्हें सफलता के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं और मुझे विश्वास है कि वे लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।
Punjab: प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर बादल हार रहे
भगवंत मान ने कहा कि बड़े बादल साहिब हारे हैं, सुखबीर (बादल) जलालाबाद से हारे हैं, कैप्टन पटियाला से हारे हैं, सिद्धू और मजीठिया भी हार रहे हैं, चन्नी दोनों सीटों पर हारे हैं।
Goa Result: केजरीवाल ने कहा- गोवा में ईमानदार राजनीति की शुरुआत
अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि आप ने गोवा में दो सीटें जीतीं। कैप्टन वेन्जी और एर क्रूज को बधाई और शुभकामनाएं। यह गोवा में ईमानदार राजनीति की शुरुआत है।
गोवा में बीजेपी 18, कांग्रेस 12 और आप 3 सीटों पर आगे चल रही है।
Goa Result: सीएम सावंत ने कहा- BJP की सरकार बनेगी
गोवा के सीएम और बीजेपी नेता प्रमोद सावंत ने कहा कि गोवा में बीजेपी बनाएगी सरकार, हम एमजीपी और निर्दलीय उम्मीदवारों को अपने साथ लेंगे। इस जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को जाता है। तीन निर्दलीय विधायकों ने बीजेपी को अपना समर्थन दिया है।
Punjab: अमरिंदर सिंह ने स्वीकारी हार
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि मैं पूरी विनम्रता के साथ लोगों के फैसले को स्वीकार करता हूं। लोकतंत्र की जीत हुई है। पंजाबियों ने सांप्रदायिक और जातिगत रेखाओं से ऊपर उठकर और मतदान करके पंजाबियत की सच्ची भावना दिखाई है। आप और भगवंत मान को बधाई।
Goa Result: गोवा में कांग्रेस ने मानी हार
कांग्रेस नेता माइकल लोबो ने कहा कि हमने सोचा था कि हम जीतेंगे लेकिन हमें जनादेश को स्वीकार करना होगा। हमें 12 सीटें मिली हैं, बीजेपी को 18 सीटें मिली हैं। हम विपक्ष के तौर पर मजबूती से काम करेंगे। विश्वास जीतने के लिए कांग्रेस को कड़ी मेहनत करनी होगी।
प्रियंका गांधी का संदेश
हम सबको आने वाले जनादेश का आदर करते हुए अपने देश-प्रदेश के प्रति निष्ठा और समर्पण की भावना के साथ जनसंघर्ष जारी रखने की तैयारी करनी पड़ेगी। हमारी लड़ाई अभी शुरू हुई है, हमें हिम्मत और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ना है।
हम सबको आने वाले जनादेश का आदर करते हुए अपने देश-प्रदेश के प्रति निष्ठा और समर्पण की भावना के साथ जनसंघर्ष जारी रखने की तैयारी करनी पड़ेगी। हमारी लड़ाई अभी शुरू हुई है, हमें हिम्मत और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ना है।
— UP Congress (@INCUttarPradesh) March 10, 2022
- श्रीमती प्रियंका गांधी वाद्रा जी का संदेश pic.twitter.com/JQt1IecbI9
Punjab: कल इस्तीफा दे सकते हैं चन्नी
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कल पंजाब मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। सुबह साढ़े 11 बजे होगी बैठक होगी। बैठक के बाद तमाम मंत्रियों के साथ राज्यपाल को इस्तीफा सौंप सकते हैं।
पंजाब में आप 89, कांग्रेस 16, अकाली 6 और बीजेपी 2 सीटों पर आगे है।
Uttarakhand Result: हरीश रावत की हुई हार
उत्तराखंड की लालकुंआ सीट से कांग्रेस नेता हरीश रावत चुनाव हार गए हैं।
उत्तराखंड में बीजेपी 43 और कांग्रेस 24 सीटों पर आगे है। यहां 70 सीटें हैं, बहुमत के लिए 36 सीटों की आवश्यकता है।
UP Result: हेमा मालिनी ने कहा- बुलडोजर के सामने कुछ नहीं आ सकता
बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि हमें पहले से ही पता था कि हमारी सरकार बनेगी; हमने विकास के हर पहलू के लिए काम किया है, यही वजह है कि जनता हम पर भरोसा करती है...बुलडोजर के सामने कुछ भी नहीं आ सकता, क्योंकि यह एक मिनट में सब कुछ खत्म कर सकती है, चाहे साइकिल हो या कुछ और।
Goa: जीतकर भी रिजल्ट से निराश हैं पणजी के बीजेपी उम्मीदवार
पणजी से भाजपा उम्मीदवार अतानासियो मोनसेरेट ने कहा कि जहां तक परिणाम की बात है तो निराश हैं। बीजेपी कैडर ने मेरे लिए नहीं बल्कि विपक्ष के उम्मीदवार के लिए काम किया। मैंने बीजेपी और कांग्रेस से लड़ाई लड़ी। यह कुछ कार्यकर्ताओं और समर्थकों के समर्थन के कारण है कि हम सीट बरकरार रखने में कामयाब रहे। मुझे लगता है कि बीजेपी कैडर ने मुझे पार्टी में स्वीकार नहीं किया है। मैं इसे इस तरह से देखता हूं। अगर उन्हें (उत्पल पर्रिकर) इतने वोट मिल सकते हैं, तो यह सिर्फ इसलिए है क्योंकि कैडर ने अपना वोट उन्हें स्थानांतरित कर दिया है। यहां भाजपा नेतृत्व डैमेज कंट्रोल नहीं कर पाया।
गोवा में बीजेपी 18, कांग्रेस 12, आप 3 और अन्य 7 सीटों पर आगे हैं।
Punjab Result: कांग्रेस ने स्वीकारी हार, AAP को दी बधाई
पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट कर कहा कि जनता की आवाज भगवान की आवाज है....पंजाब के लोगों के जनादेश को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं…AAP को बधाई!!!
हार सामने देख कांग्रेस ने आज शाम विधायक दल की बैठक कैंसिल कर दी है। कल प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट कर शाम 5 बजे चण्डीगढ़ में विधायक दल की बैठक बुलाई थी। दिल्ली से भेजे गए ऑब्जर्वर अजय माकन और पवन खेड़ा दिल्ली के रवाना हुए।
Patiala Seat: कैप्टन अमरिंदर सिंह चल रहे पीछे
पंजाब की पटियाला सीट से आम आदमी पार्टी के अजीत पाल सिंह कोहली आगे चल रहे हैं। पंजाब लोक कांग्रेस के कैप्टन अमरिंदर सिंह पीछे चल रहे हैं। अमरिंदर सिंह 14000 वोट से पीछे चल रहे हैं। जलालाबाद सीट से शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल 10,526 मतों के अंतर से पीछे चल रहे हैं।
उत्तर प्रदेश चुनाव नतीजे: बीजेपी को मिल रही बड़ी जीत
उत्तर प्रदेश में बीजेपी की बड़ी जीत लगभग तय हो गई है। भाजपा 269 सीटों पर आगे है और बहुमत के आंकड़े से काफी आगे निकल गई है। सपा 124 सीटों पर आगे है। बसपा 4 और कांग्रेस 2 सीटों पर आगे है।
Goa Election: राज्यपाल से मिलेंगे BJP नेता
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता राज्य में सरकार गठन का दावा पेश करने के लिए आज गोवा के राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई से मुलाकात करेंगे। गोवा में बीजेपी 19 सीटों के साथ सबसे आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस 11, आप 3 और अन्य 7 पर आगे हैं।
Punjab Results: प्रकाश सिंह बादल चल रहे पीछे
पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल लंबी सीट से पीछे चल रहे हैं।
पंजाब को आप 90 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस 18, अकाली दल 6 और बीजेपी+ 2 सीटों पर आगे है।
Manipur Election Results: मणिपुर में बीजेपी बहुमत के करीब
मणिपुर में बीजेपी 30 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस 9 सीटों पर आगे चल रही है। एनपीपी 10, एनपीएफ 4 सीटों पर आगे है। यहां बहुमत के 31 सीटों की जरूरत है।
उत्तराखंड में बीजेपी को अपेक्षित परिणाम मिले: जोशी
केंद्रीय मंत्री और राज्य प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने देहरादून में कहा कि पीएम मोदी और सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हमने उत्तराखंड के लोगों को कल्याणकारी नीतियां दीं और अपेक्षित परिणाम मिले हैं।
Punjab Result: राघव चड्ढा ने कहा ने कहा- पंजाब को अरविंद केजरीवाल-भगवंत मान की जोड़ी पसंद है
राघव चड्ढा ने कहा कि पंजाब ने साबित कर दिया है कि उसे अरविंद केजरीवाल-भगवंत मान की जोड़ी पसंद है, और किसी पार्टी की जोड़ी नहीं। अन्य सभी पार्टियों ने हमें बदनाम करने की कोशिश की और केजरीवाल जी को आतंकवादी कहा, लेकिन जनता ने साबित कर दिया कि वह एक 'शिक्षक-वादी' हैं। पंजाब अब से 'उड़ता पंजाब' के नाम से नहीं जाना जाएगा, बल्कि 'उठता पंजाब' के नाम से जाना जाएगा...सारा श्रेय आप कार्यकर्ताओं को जाता है, उन्होंने दिन या रात, गर्मी या सर्दी नहीं देखी और पार्टी के लिए काम करना जारी रखा। आप सबके लिए उत्तरोत्तर काम करेगी।
पंजाब को आप 90 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस 18, अकाली दल 6 और बीजेपी+ 3 सीटों पर आगे है।
UP Result: राजभर आगे, स्वामी प्रसाद मौर्य पीछे
उत्तर प्रदेश की जहूराबाद सीट से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओपी राजभर आगे चल रहे हैं। रामपुर सीट से समाजवादी पार्टी के आजम खान आगे चल रहे हैं। वहीं फाजिलनगर से स्वामी प्रसाद मौर्य पीछे चल रहे हैं।
Uttarakhand Result: हरीश रावत चल रहे पीछे
उत्तराखंड में लालकुवा से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम हरीश रावत 10,000 से अधिक मतों से पीछे हैं। उत्तराखंड में बीजेपी 44 और कांग्रेस 22 सीटों पर आगे है। यहां 70 सीटें हैं, बहुमत के लिए 36 सीटों की आवश्यकता है।
Goa Result: पर्रिकर के बेटे उत्पल ने रिजल्ट से निराशा जताई
गोवा की पणजी सीट से पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे उत्पल पर्रिकर 713 मतों से पीछे चल रहे हैं। मतगणना केंद्र से निकलते हुए उन्होंने कहा कि एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में यह एक अच्छी लड़ाई थी, मैं लोगों को धन्यवाद देता हूं। लड़ाई से संतुष्ट हूं, लेकिन परिणाम थोड़ा निराशाजनक रहा। गोवा में बीजेपी 17, कांग्रेस 12, आप 2 और अन्य 9 सीटों पर आगे हैं। बहुमत के लिए 21 सीटों की आवश्यकता है।
हम सरकार बना रहे: स्वतंत्र देव
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने कहा कि हम सरकार बना रहे हैं और रुझानों से ये पता चल जाता हैं कि कौन सरकार बना रहा हैं। सपा के पास अब रोने को कुछ नहीं बचा तो उन्होंने ईवीएम का गान शुरू किया है।
UP: मौर्य-दारा सिंह-धर्म सिंह सैनी चल रहे पीछे
चुनाव से ठीक पहले योगी सरकार से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए तीनों पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, दारा सिंह चौहान और धर्म सिंह सैनी पीछे चल रहे हैं।
UP Election Result: बीजेपी को मिल रहा बड़ा बहुमत
उत्तर प्रदेश में बीजेपी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। भाजपा 262, सपा 127, बसपा 7 और कांग्रेस 4 सीटों पर आगे चल रही है।
बाकी राज्यों के लोग भी हम पर विश्वास करेंगे: मनीष सिसोदिया
AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब ने केजरीवाल के शासन मॉडल को मौका दिया है। आज उनके शासन का मॉडल राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हो चुका है। यह 'आम आदमी' (आम आदमी) की जीत है। हमने गोवा, उत्तराखंड और यूपी में उम्मीदवार खड़े किए थे, लेकिन कहीं न कहीं पंजाब पर फोकस था। धीरे-धीरे इन राज्यों के लोग भी हमारी पार्टी पर विश्वास करने लगेंगे।
कांग्रेस को आत्मनिरीक्षण करना होगा: सतेज पाटिल
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता सतेज पाटिल ने कहा कि हमें उम्मीद थी कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनेगी, लेकिन हमें जरूरी संख्या नहीं मिली। हमें इसके बारे में आत्मनिरीक्षण करना होगा। गोवा में कांग्रेस 16-17 सीटों पर आगे चल रही है, यह सबसे बड़ी पार्टी होगी और संख्या पर्याप्त नहीं होने पर हम समर्थन मांगेंगे।
Goa: राणे ने कहा- CM पर पार्टी फैसला करेगी
बीजेपी नेता विश्वजीत राणे ने कहा कि हम इस गोवा चुनाव में जीत हासिल करेंगे। लोगों ने घोटालेबाजों, बाहरी लोगों को खारिज कर दिया है। उन्होंने उस पार्टी को वोट दिया है जो गोवा के लोगों के लिए काम करती है। यह पूछे जाने पर कि क्या प्रमोद सावंत मुख्यमंत्री बने रहेंगे, वे कहते हैं कि पार्टी नेतृत्व फैसला करेगा।
Punjab Results: पंजाब में AAP का कमाल
पंजाब में 117 विधानसभा सीटों में से आम आदमी पार्टी 89 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस 13, अकाली दल 9 और बीजेपी+5 सीटों पर आगे है।
Uttarakhand Result: बीजेपी को मिल रहा बहुमत
उत्तराखंड में बीजेपी 44, कांग्रेस 21 और आप 1 सीट पर आगे है। यहां बहुमत के लिए 36 सीटों की जरूरत है। बीजेपी काफी आगे दिखाई दे रही है। यहां कुल 70 विधानसभा सीटें हैं।
UP Result: सपा को है अभी भी जीत की उम्मीद
समाजवादी पार्टी के आईटी सेल ने ट्वीट किया है कि ये रुझान प्रामाणिक नहीं हैं, परसेप्शन बनाया जा रहा है कि भाजपा जीत रही है, जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ा जा सके और 3 बजे के बाद बेईमानी को मूर्त रूप दिया जा सके, कार्यकर्ताओं से अपील है कि आखिरी परिणामों तक मौके पर डटे रहें!
दिल्ली: BJP मुख्यालय जा सकते हैं PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी मुख्यालय जाकर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। चुनावों में शानदार प्रदर्शन के लिए जनता का आभार जता सकते हैं।
Goa Result: गोवा में बीजेपी आगे
गोवा कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चोडनकर ने कहा कि हम परिणाम के रुझान देख रहे हैं; गोवा के लोगों ने बदलाव के लिए वोट किया है। गोवा में बीजेपी 18, कांग्रेस 13 और आप 1 सीटों पर आगे है। बहुमत के लिए 21 सीट चाहिए। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत आगे हुए।
UP Result: यूपी में BJP बहुमत के पार
उत्तर प्रदेश में बीजेपी 247 सीटों पर आगे चल रही है। सपा 111 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं बसपा 8 और कांग्रेस 5 सीटों पर आगे है। यूपी के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग ला रही है।
Goa Results: मुख्यमंत्री पीछे, बीजेपी आगे
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत साकेलिम सीट से पीछे चल रहे हैं, कांग्रेस नेता धर्मेश सगलानी इस सीट से आगे चल रहे हैं। अभी तक बीजेपी 18 सीटों पर आगे, कांग्रेस 12, महाराष्ट्रवादी गोमांतक 5, आम आदमी पार्टी 1, निर्दलीय 2 आगे हैं।
Punjab Result: आप नेता ने पंजाब की जनता को धन्यवाद दिया
दिल्ली के मंत्री और आप नेता गोपाल राय ने कहा कि हम पंजाब में सकारात्मक रुझान देख सकते हैं, और हमें उम्मीद है कि परिणाम भी सकारात्मक होंगे। मैं पंजाब के लोगों को बदलाव के लिए वोट करने के लिए धन्यवाद देता हूं। आप ने पंजाब में 117 सीटों में से 85 सीटों पर शुरुआती बढ़त के साथ बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है।
Election Result: शिवपाल यादव चल रहे पीछे
शिवपाल यादव जसवंतनगर से पीछे चल रहे हैं। रायबरेली से बीजेपी की अदिति सिंह आगे चल रही हैं। बीजेपी के एसपी बघेल करहल सीट से पीछे चल रहे हैं। मुजफ्फरनगर में सभी 6 सीटों पर बीजेपी आगे, आगरा की 9 में से 8 सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है।
Uttar Pradesh Result: उत्तर प्रदेश में बीजेपी बड़ी जीत की ओर
उत्तर प्रदेश में बीजेपी 232 सीटों पर आगे चल रही है। समाजवादी पार्टी 104, बसपा 6 और कांग्रेस 8 सीटों पर आगे चल रही है।
Uttarakhand Result: धामी और रावत पीछे
उत्तराखंड में खटीमा से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस के हरीश रावत लालकुंआ से पीछे चल रहे हैं। उत्तराखंड में बीजेपी 47, कांग्रेस 19 सीटों पर आगे चल रही है। यहां कुल 70 विधानसभा सीटें हैं।
AAP बनी राष्ट्रीय ताकत, कांग्रेस की जगह लेगी: राघव चड्ढा
पंजाब में आप के सह प्रभारी राघव चड्ढा न कहा कि हम 'आम आदमी' हैं लेकिन जब 'आम आदमी' उठता है तो सबसे शक्तिशाली सिंहासन हिलते हैं। आज भारत के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन है, सिर्फ इसलिए नहीं कि आप एक और राज्य जीत रही है, बल्कि इसलिए कि यह एक राष्ट्रीय ताकत बन गई है। आप कांग्रेस की जगह लेगी।
Punjab Result: पंजाब में AAP का कमाल
रुझानों में पंजाब में आम आदमी पार्टी बहुमत से काफी आगे निकल गई है। आप 80, कांग्रेस 19, SAD 12 और बीजेपी+ 5 सीटों पर आगे चल रही है।
Goa Election Result: गोवा में बीजेपी आगे
गोवा में बीजेपी 20, कांग्रेस 8, आप 2 और अन्य 10 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
Uttarakhand Election Results: उत्तराखंड में रुझानों में बीजेपी को बहुमत
उत्तराखंड में बीजेपी 42, कांग्रेस 20 सीटों पर आगे चल रही है। यहां कुल 70 विधानसभा सीटें हैं। हरीश रावत आगे चल रहे हैं।
Manipur Election Result: मणिपुर में बीजेपी चल रही आगे
मणिपुर के सीएम एन बीरेन ने कहा कि मैंने भगवान से प्रार्थना की है कि आने वाले पांच साल शांति और विकास के साथ पिछले 5 साल के समान हों और भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाए। मणिपुर में बीजेपी 24, कांग्रेस 14, एनपीपी 13, एनपीएफ 4 सीटों पर आगे चल रही है।
UP Results: रुझानों में बीजेपी को यूपी में मिला बहुमत
रुझानों में उत्तर प्रदेश में बीजेपी को बहुमत मिल गया है। बीजेपी 203, सपा 99, बसपा 6 और कांग्रेस 4 सीटों पर आगे चल रही है।
पंजाब में चन्नी दोनों सीटों पर पीछे
पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी दोनों सीटों पर पीछे चल रहे हैं। चन्नी भदोर और चमकौर साहिब से पीछे चल रहे हैं। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत पीछे चल रहे हैं। सिराथू से केशव प्रसाद मौर्य आगे चल रहे हैं। यूपी की हापुड़ की तीनों सीटों पर बीजेपी आगे।
Punjab Results: पंजाब में रुझानों में AAP को बहुमत
पंजाब में रुझानों में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिल गया है। आप 59, कांग्रेस 33, SAD 17 और बीजेपी+ 4 सीटों पर आगे चल रही है।
Election Results: कौन आगे-कौन पीछे
सिराथू से केशव प्रसाद मौर्य पीछे, नवजोत सिंह सिद्धू पीछे, पणजी में उत्पल पर्रिकर पीछे चल रहे हैं।
अखिलेश यादव और उनके कार्यकर्ता अति उत्साहित हैं: दिनेश शर्मा
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनश शर्मा ने कहा कि रुझानों पर तो नहीं बोलना चाहिए लेकिन ये साफ है कि यूपी की जनता ने भाजपा को चुना हैं और बहुमत अभी पूरा मिलेगा पूरा, जनसंदेश हमारे साथ है। अखिलेश यादव और उनके कार्यकर्ता अति उत्साहित हैं और मुझे लगता हैं कि अतिउत्साह बहुत नुकसानदह होता हैं ।
Punjab Election Result: अमरिंदर सिंह चल रहे पीछे
पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह पीछे चल रहे हैं। मुजफ्फरनगर में आरएलडी 6 में से 4 सीटों पर आगे चल रही है।
Manipur Election Result: मणिपुर में कौन आगे
मणिपुर में बीजेपी 17, कांग्रेस 14, एनपीपी 2, एनपीएफ 2 सीटों पर आगे चल रही है।
UP Election Results: यूपी में रुझानों में कौन आगे
उत्तर प्रदेश में बीजेपी 183, सपा 99, बसपा 6 और कांग्रेस 4 सीटों पर आगे चल रही हैं। गोरखपुर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगे चल रहे हैं। जसवंत नगर से शिवपाल यादव आगे चल रहे हैं। फाजिलनगर से स्वामी प्रसाद मौर्य पीछ चल रहे हैं।
Goa Election Results: गोवा में रुझानों में कौन आगे
गोवा में बीजेपी 18, कांग्रेस 16 सीटों पर आगे चल रही है। यहां 40 विधानसभा सीटें हैं। बहुत जल्द यहां स्थिति स्पष्ट हो सकती हैं।
Punjab Chunav Result: आप ने बनाई बढ़त
पंजाब में आप 45 कांग्रेस 32, बीजेपी+ 5 और SAD 16 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
Uttarakhand Election Results: उत्तराखंड में रुझानों में कौन आगे
उत्तराखंड में बीजेपी 24, कांग्रेस 21 सीटों पर आगे चल रही है। यहां कुल 70 विधानसभा सीटें हैं। हरीश रावत आगे चल रहे हैं।
UP Result: मंत्री ने कहा- सपा का काम है आरोप लगाना
योगी सरकार में मंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि देखिए हमने पहले ही बोला था कि उत्तरप्रदेश की जनता कानून व्यवस्था और सुशासन को चुनेगी और इसी वजह से हम आगे चल रहे है। सपा का काम है आरोप लगाना। हमने तो जीत की तैयारी कर ली है मिठाई बनाई जा रही है।
UP Election Results: यूपी में रुझानों में कौन आगे
उत्तर प्रदेश में बीजेपी 136, सपा 82, बसपा 5 और कांग्रेस 3 सीटों पर आगे चल रही हैं। गोरखपुर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगे चल रहे हैं।
वोटों की गिनती जारी, अखिलेश ने किया ये ट्वीट
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि इम्तिहान बाकी है अभी हौसलों का वक़्त आ गया है अब ‘फ़ैसलों’ का। मतगणना केंद्रों पर दिन-रात सतर्क और सचेत रूप से सक्रिय रहने के लिए सपा-गठबंधन के हर एक कार्यकर्ता, समर्थक, नेतागण, पदाधिकारी और शुभचितंक को हृदय से धन्यवाद! ‘लोकतंत्र के सिपाही’ जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही लौटें!
Goa Election Result: उत्पल पर्रिकर आगे चल रहे
पणजी में पोस्टल बैलेट में मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर आगे चल रहे हैं। डाक मतपत्रों में लक्ष्मीकांत पारसेकर (पूर्व सीएम और अब निर्दलीय) आगे चल रहे हैं। गोवा में बीजेपी 15 और कांग्रेस 13 सीटों पर आगे चल रही है।
विधानसभा चुनाव: कहां से कौन आगे-कौन पीछे
लखीमपुर की सभी सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है, हरदोई में नितिन अग्रवाल पीछे चल रहे हैं। पंजाब के पटियाला से कैप्टन अमरिंदर सिंह आगे, पंजाब के जलालाबाद सीट से सुखबीर बादल आगे।
Manipur Election Results: मणिपुर में रुझानों में कौन आगे
मणिपुर में बीजेपी 4, कांग्रेस 4, एनपीपी 1 और एनपीएफ 1 सीटों पर आगे हैं। यहां कुल 60 विधानसभा सीटें हैं।
Goa Election Results: गोवा में रुझानों में कौन आगे-कौन पीछे
गोवा में 4 सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस 6 सीटों पर आगे चल रही है।
Uttarakhand Election Results: उत्तराखंड में रुझान में कौन आगे-कौन पीछे
उत्तराखंड में 20 पर कांग्रेस, बीजेपी 21 पर आगे चल रही है।
Punjab Results: पंजाब में कौन आगे-कौन पीछे
पंजाब में आप 25, कांग्रेस 18, SAD 5 और बीजेपी+ 5 सीटों पर आगे चल रही है।
UP Chunav Results: अयोध्या-मुथरा और काशी में बीजेपी आगे
प्रयागराज पश्चिम से सिद्धार्थ नाथ सिंह पीछे, अमेठी से संजय सिंह आगे, पंजाब में सुखबीर सिंह बाद आगे, अयोध्या-मुथरा और काशी में बीजेपी आगे चल रही हैं।
Results: जानें कौन कहां से चल रहा आगे
उत्तरांखड सीएम पुष्कर सिंह धामी सिराथू सीट से आगे, कैराना से सपा के नाहिद हसन आगे, कन्नौज से असीम अरुण आगे, अमृतसर पूर्व से नवजोत सिंह सिद्धू आगे चल रहे हैं।
Election Results: किस सीट से कौन हैं आगे
करहल से अखिलेश यादव आगे, रामपुर से आजम खान आगे, पंजाब के सीएम दोनों सीटों से आगे, सरधना से संगीत सोम आगे, वाराणसी कैंट, लखनऊ कैंट से बीजेपी के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। राजा भैया आगे चल रहे हैं।
UP Election Results: यूपी में रुझान में कौन आगे-कौन पीछे
उत्तर प्रदेश में बीजेपी 83, सपा 57, बसपा 3 और कांग्रेस 1 सीटों पर आगे चल रही हैं।
Punjab Election Results: पंजाब में रुझानों में कौन आगे-कौन पीछे
पंजाब में कांग्रेस 12 सीटों पर, बीजेपी + 5, आप 15 सीटों पर आगे चल रही है।
UP Chunav: केशव प्रसाद मौर्य का ट्वीट- यूपी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर कहा कि यूपी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी, जीत का कारण बूथ तक भाजपा मजबूत संगठन होना, डबल इंजन सरकार ने गरीबों के लिए जीवन स्तर में सुधार, निःशुल्क राशन वितरण के साथ अति पिछड़े अति दलित वोटरों का मोदी जी योगी जी के प्रति भरोसे के साथ सुशासन, विकास, सुरक्षा आदि मुद्दों पर कमल को मिला वोट।
Goa Election Results 2022 : मंदिर पहुंचे सांवत, पूजन-अर्चन की
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत अपने निर्वाचन क्षेत्र सांकेलिम में मंदिर पहुंचे। सावंत ने यहां मंदिर में पूजन-अर्चन किया। गोवा में इस बार किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत मिलता नहीं दिखा है। एग्जिट पोल में त्रिशंकु विधानसभा का अनुमान जताया गया है। गोवा में काउंटिंग शुरू हो गई है। चुनाव नतीजे राजनीतिक तस्वीर साफ कर देंगे।
Election Results: आने लगे रुझान, जानें कौन आगे
पांचों राज्यों में वोटों की गिनती शुरू हो गई है और रुझान भी आने शुरू हो गए हैं। उत्तर प्रदेश में बीजेपी 3 और सपा 2 सीटों पर आगे हैं। उत्तराखंड में बीजेपी 2 सीटों पर आगे है। पंजाब में कांग्रेस 5, बीजेपी+ 3 सीटों पर आगे चल रही है।
मतगणना एक पारदर्शी प्रक्रिया: मुख्य चुनाव आयुक्त
मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्र ने कहा कि मतगणना एक पारदर्शी प्रक्रिया है। एक मानक संचालन प्रक्रिया है जिसके तहत हम मतगणना करते हैं। राजनीतिक दलों के अधिकृत मतदान एजेंटों को मतगणना केंद्र के अंदर आने की अनुमति है। ईवीएम से छेड़छाड़ का कोई सवाल ही नहीं है। 2004 से लगातार ईवीएम का इस्तेमाल हो रहा है, 2019 में हमने हर पोलिंग बूथ पर वीवीपैट का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। राजनीतिक दल के एजेंटों की मौजूदगी में ईवीएम सील की गई।
Election Results: उत्तर प्रदेश समेत 5 राज्यों में वोटों की गिनती शुरू हुई
उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में वोटों की गिनती शुरू हो गई है। जल्द ही रुझान आने शुरू हो जाएंगे और फिर कुछ देर बाद नतीजे स्पष्ट होने लगेंगे।
UP Chunav Result 2022 : सपा नेता बोले-यूपी में हम जीतेंगे
समाजवादी पार्टी के नेता नरेश उत्तम पटेल का कहना है कि यूपी चुनाव में हम जीत दर्ज करेंगे। चुनाव में सपा एकतरफा जीत दर्ज करेगी। सपा नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मतदान की प्रक्रिया में धांधली करने की कोशिश की लेकिन लोगों ने उसे घेर लिया।
Lucknow Result: राजेश्वर सिंह ने किया जीत का दावा
लखनऊ जिले के सरोजिनी नगर से बीजेपी प्रत्याशी राजेश्वर सिंह ने कहा कि जनता को पीएम मोदी और सीएम योगी पर अथाह भरोसा है। यूपी में बीजेपी बहुमत से सरकार बनाएगी। हम पिछली बार से ज्यादा सीटें जीतेंगे। सरोजिनी नगर सीट से बीजेपी 1 लाख वोटों से जीतेगी।
Uttarakhand Result: हरीश रावत का दावा- 48 सीट जीतेंगे
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि हमें उत्तराखंड में करीब 48 सीटें मिलेंगी। आज जीत को लेकर आश्वस्त हैं, हम चिंतित नहीं हैं।
Goa Results: थोड़ी देर में वोटों की गिनती
कलेक्टर रुचिका कटियाली ने कहा कि गोवा में स्ट्रांग रूम उम्मीदवारों और पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में खोले गए हैं। पोस्टल बैलेट को सुरक्षा कर्मियों के एक समर्पित कॉरिडोर के माध्यम से मतगणना हॉल में ले जाया जाएगा। दक्षिण गोवा के लिए दामोदर कॉलेज में मतगणना होगी।
Goa Election Result 2022 : गोवा में कांग्रेस ने मांगा राज्यपाल से समय
चुनाव नतीजे आने से पहले गोवा में कांग्रेस पार्टी सक्रिय हो गई है। कांग्रेस ने तीन बजे राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है। एग्जिट पोल में गोवा में किसी भी राजनीतिक दल को बहुमत मिलता नहीं दिखा है। इस राज्य में भाजपा, कांग्रेस, एनसीपी-शिवसेना गठबंधन, टीएमसी और आम आदमी पार्टी के बीच मुकाबला है। गोवा की जिम्मेदारी कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम को सौंपी है।
Manipur Election Results: मणिपुर में थोड़ी देर में शुरू होगी मतगणना
भाजपा शासित पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में मतगणना से एक दिन पहले बुधवार को राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। विभिन्न दलों के पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल इंफाल में डेरा डाले हुए हैं। इम्फाल में चुनाव अधिकारी ने कहा कि विभिन्न जिलों और उप-मंडल मुख्यालयों में स्थापित 41 मतगणना हॉल में गुरुवार सुबह आठ बजे मतों की गिनती की जाएगी।
Punjab Result: मान ने कहा- पंजाब के लोगों ने बदलाव के लिए वोट किया
आप नेता भगवंत मान ने संगरूर में गुरुद्वारा गुरसागर मस्तुआना साहिब पहुंचकर मत्था टेका। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि पंजाब के लोगों ने बदलाव के लिए वोट किया है।
#PunjabElections2022 | AAP leader Bhagwant Mann visits gurdwara Gursagar Mastuana Sahib, at Sangrur
— ANI (@ANI) March 10, 2022
We are hopeful that the people of Punjab have voted for change, he says. pic.twitter.com/7W8o9YpOWS
Hasanpur Vote Counting: सपा प्रत्याशी का वीडियो हो रहा वायरल
हसनपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी मुखिया गुर्जर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वो मतगणना में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में वो प्रशासन को चेतावनी देने के अंदाज में यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि यदि मतगणना में गड़बड़ी की कोशिश की तो मेरे पास भी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ होगी। प्रशासन को देख लूंगा।
Varanasi Results: वाराणसी कमिश्नरी क्षेत्र में धारा 144 लागू
वाराणसी के डीएम ने कहा कि मतगणना केंद्रों पर विभिन्न दलों के काउंटिंग एजेंट पहुंच रहे हैं। पोस्टल बैलेट सुबह 8 बजे खोले जाएंगे, इसके बाद ईवीएम में दर्ज मतों की गिनती होगी। शाम तक मतगणना प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। वाराणसी कमिश्नरी क्षेत्र में धारा 144 लागू है।
Lucknow: मतगणना की पुूरी तैयारी
उत्तर प्रदेश में मतगणना की तैयारी पूरी हो गई है। एडीसीपी पश्चिम लखनऊ ने कहा कि मतगणना केंद्र पर तीन स्तरीय सुरक्षा के साथ सीएपीएफ, पीएसी और सिविल पुलिस तैनात है। केंद्र में प्रवेश से पहले मतदान अभिकर्ताओं, अधिकारियों आदि की गहन जांच व तलाशी की जा रही है।

