Bihar Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आने वाले हैं। सभी 243 विधानसभा सीटों पर हुई वोटिंग की काउंटिंग सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगी। सबसे पहले बैलेट पेपर और ETPBS यानी इलेक्ट्रॉनिकली ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट सिस्टम से होगी। इसके आधे घंटे के बाद EVM की गिनती शुरू होगी। फिर दोनों साथ चलता रहेगा।
वहीं, सुबह 8:30 बजे के बाद सभी टेबलों पर एक साथ EVM के वोटों की काउंटिंग शुरू होगी। बता दें कि मतगणना केंद्र पर मौजूद रिटर्निंग ऑफिसर सभी राउंड की गिनती के बाद रिजल्ट बताते हैं।
पोस्टल बैलेट के मतों की गिनती को लेकर बदला नियम
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना गुरुवार सुबह 8 बजे से पूरे राज्य में एक साथ शुरू होगी। शुरुआत में पोस्टल बैलेट की गिनती होगी और इसके साथ ही शुरुआती रुझान सामने आने लगेंगे। इस बार निर्वाचन आयोग ने नियमों में बदलाव करते हुए तय किया है कि आखिरी दो राउंड की ईवीएम गिनती से पहले पोस्टल बैलेट्स की पूरी गिनती पूरी की जाएगी।
आयोग ने तय किया है कि अब ईवीएम और वीवीपैट की गिनती का दूसरा अंतिम दौर तभी शुरू होगा, जब पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी हो जाएगी। इससे पहले, ईवीएम की गिनती डाक मतपत्रों की गिनती पूरी होने से पहले भी खत्म हो सकती थी।
रिकॉर्ड मैच नहीं होता है तो क्या होगा?
EVM से वोटों की गिनती के दौरान कंट्रोल यूनिट को हर राउंड के हिसाब से ही काउंटिंग टेबल पर लाया जाएगा। वहां मौजूद हर राजनीतिक दल के एजेंट को दिखाया जाएगा कि सील लगी हुई है और इसका रिकॉर्ड फॉर्म 17c के भाग 1 में दिए गए विवरण से मेल खाता है। इस फॉर्म की एक-एक प्रति सभी राजनीतिक दलों के एजेंट के पास होती है। अगर रिकॉर्ड मैच नहीं होता है तो अनिवार्य रूप से VVPAT की पर्चियां गिनी जाएंगी। EVM की काउंटिंग पूरी होने के बाद हर विधानसभा क्षेत्र के 5 पोलिंग स्टेशन का रैंडम सिलेक्शन करके वहां की VVPAT पर्चियों का मिलान किया जाएगा। ये प्रक्रिया मतगणना पूरी होने के बाद सभी कैंडिडेट्स और उनके एजेंट की मौजूदगी में होगी। ये वोटों की गिनती का SOP है, इसी प्रक्रिया का पालन होना है।
हाल के कुछ वर्षों से दिव्यांगजनों और 85 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों के लिए घर से मतदान की आयोग की पहल के कारण डाक मतपत्रों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। डाक मतपत्रों की गिनती आमतौर पर ईवीएम की गिनती से पहले पूरी हो जाती है। नया नियम यह सुनिश्चित करेगा कि मतगणना का अंतिम और निर्णायक आंकड़ा डाक मतपत्रों की गिनती पूरी होने के बाद ही प्रकाशित किया जाए।
गिनती के दौरान जैसे-जैसे राउंड आगे बढ़ेंगे, नतीजों की तस्वीर और स्पष्ट होती जाएगी। अनुमान है कि दोपहर तक रुझान तय कर देंगे कि किसकी सरकार बनती दिख रही है, जबकि अंतिम परिणाम शाम तक घोषित होने की संभावना है।
मतगणना की तैयारी पूरी: चुनाव आयोग
चुनाव आयोग ने जानकारी दी कि 243 विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना की पूरी व्यवस्था कर दी गई है। मतगणना 243 रिटर्निंग अधिकारियों की देखरेख में उनके साथ तैनात 243 पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में और उम्मीदवारों अथवा उनके एजेंटों की मौजूदगी में कराई जाएगी।”
इसने कहा, “कुल 4,372 मतगणना टेबल लगाए गए हैं, प्रत्येक पर एक सुपरवाइजर, एक गणना सहायक और एक सूक्ष्म पर्यवेक्षक तैनात रहेगा। उम्मीदवारों द्वारा नियुक्त 18,000 से अधिक गणना एजेंट भी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।”
