bihar chuanv 2025: बिहार में आज विधानसभा चुनावों की घोषणा हो गई है। राज्य के मतदाता दो चरणों में मतदान करेंगे। पहले चरण के तहत 6 नवंबर को और दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होगा। 14 नवंबर को मतगणना होगी। बिहार में चुनाव तारीखों की घोषणा के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि विश्व में सिर्फ 6-7 देशों में ही बिहार से बड़ा चुनाव होता है। उन्होंने कहा, बिहार के चुनाव मदर ऑफ ऑल इलेक्शन हैं। इतने बड़े चुनाव को कराने की जिम्मेदारी 8.5 लाख चुनाव कर्मियों पर होगी। चलिए विस्तार से जानते हैं -
8.5 लाख कर्मचारियों पर चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी
चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिखाई गई अपनी प्रजेंटेशन में विस्तार से बताया कि बिहार विधानसभा चुनावों को कराने में कितने कर्मचारियों की भूमिका होगी। राज्य में कुल 7.42 करोड़ मतदाता हैं और 14 लाख मतदाता पहली बार वोटिंग में हिस्सा लेंगे। इतने बड़े विधानसभा चुनावों को सम्पन्न कराने की जिम्मेदारी 4.53 लाख पोलिंग पर्सनेल पर होगी। इनके अलावा पोलिंग के लिए 17.8 हजार माइक्रो ऑब्जर्वर बनाए गए हैं।
ये भी पढ़ें - Bihar Assembly Election 2025: इन तारीखों को कर लें याद, ये रही नामांकन, मतदान और मतगणना की डेट्स
9.6 हजार सेक्टर ऑफिसर्स, काउंटिंग के लिए भी 4.8 हजार माइक्रो ऑब्जर्वर बनाए जाएंगे। 28.3 हजार काउंटिंग अधिकारी होंगे। 2.5 लाख पुलिस कर्मी सुरक्षित चुनाव सुनिश्चित कराएंगे। यही नहीं 90712 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भी मदद ली जाएगी।
चुनाव आयोग ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि राज्य की कुल 243 विधानसभा सीटों पर कुल 243 ऑब्जर्वर होंगे, जो अलग-अलग राज्यों के होंगे। इस तरह से हर सीट पर एक ऑब्जर्वर होगा।
चुनावों में किसी तरह की धांधली की गुंजाइश न हो, इसके लिए 100 फीसद पोलिंग स्टेशनों से वेबकास्टिंग होगी, जबकि पहले सिर्फ 50 फीसद पोलिंग बूथों पर ही वेबकास्टिंग की सुविधा होती थी।
