इलेक्शन

Dhamdaha Assembly Seat: इस सीट पर मुंहबोले भाई-बहन के बीच 'महामुकाबला', RJD ने लेशी सिंह के खिलाफ किसे बनाया उम्मीदवार?

Bihar Election 2025: धमदाहा विधानसभा सीट पर 2025 में फिर से मुकाबला दिलचस्प होने जा रहा है। जदयू की लेशी सिंह लगातार चौथी बार जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान में हैं, जबकि राजद के प्रमोद कुमार यादव और अन्य दलों के उम्मीदवार उन्हें कड़ी चुनौती दे रहे हैं। बाढ़, सड़क और रोजगार इस बार के प्रमुख मुद्दे हैं। जनता अब विकास और कामकाज के आधार पर नेता चुनने के मूड में दिख रही है।

Image

पढ़ें धमदाहा सीट की क्या है राजनीतक समीकरण।(फोटो सोर्स: टाइम्स नाउ डिजिटल)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bihar Election 2025: पूर्णिया जिले की धमदाहा विधानसभा सीट सामान्य श्रेणी की है। यहां पिछड़ा, दलित और अतिपिछड़ा वर्ग की बड़ी आबादी है, जबकि सवर्ण मतदाता भी अच्छी संख्या में हैं। जातीय समीकरण के साथ-साथ इस इलाके में विकास और स्थानीय नेतृत्व की सक्रियता भी चुनावी रुझान तय करती है।

क्या है इस सीट पर राजनीतिक समीकरण?

धमदाहा का नाम पिछले एक दशक से बिहार सरकार की कैबिनेट मंत्री और जदयू उम्मीदवार लेशी सिंह के साथ जुड़ा है। जदयू की यह नेता 2010, 2015 और 2020, तीनों चुनावों में लगातार जीत दर्ज कर चुकी हैं। 2020 में उन्होंने करीब 48 प्रितशत वोट हासिल किए और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 33 हजार से ज्यादा मतों से हराया। लंबे समय से मंत्री रहते हुए उन्होंने इलाके में सड़कों, जल निकासी और महिलाओं से जुड़ी योजनाओं पर काम किया है। इसी वजह से जदयू यहां इसे अपना “सुरक्षित इलाका” मानती रही है।

2025 का मुकाबला और उम्मीदवार

इस बार जदयू ने फिर से लेशी सिंह को मैदान में उतारा है। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल ने लेसी सिंह के राखी वाले मुंहबोले भाई पूर्णिया के जदयू से दो बार सांसद रह चुके संतोष कुशवाहा को टिकट दिया है। जन सुराज पार्टी से राकेश कुमार उर्फ बंटी यादव भी चुनावी मैदान में हैं. एआईएमआईएम के प्रत्याशी मोहम्मद इश्तियाक आलम भी चुनावी मैदान में हैं। हालांकि, इस सीट पर सबसे ज्यादा चर्चा लेशी सिंह और उनके मुंह बोले भाई संतोष कुशवाहा की हो रही है।

मुद्दे और मतदाताओं की प्राथमिकता

धमदाहा में हर साल बाढ़ और कटाव लोगों की जिंदगी को प्रभावित करता है। शिक्षा और रोजगार भी यहां के बड़े चुनावी मुद्दे हैं। लेशी सिंह अपने विकास कार्यों और महिला सशक्तिकरण की योजनाओं का हवाला दे रही हैं, जबकि विपक्ष इलाके की अधूरी सड़कों, बिजली और किसानों की समस्याओं को लेकर जनता के बीच जा रहा है।

इस बार का चुनाव एकतरफा नहीं दिख रहा। लेशी सिंह की लोकप्रियता बरकरार है, लेकिन लगातार तीन जीत के बाद जनता अब उनके काम का आकलन कर रही है। विपक्षी दल अगर जातीय संतुलन साधने और असंतोष को मुद्दा बनाने में सफल रहे, तो मुकाबला कड़ा हो सकता है।

धमदाहा सीट पर 2025 का चुनाव सत्ता के प्रदर्शन बनाम बदलाव की चाह के बीच लड़ा जा रहा है। लेशी सिंह अपने विकास एजेंडे पर भरोसा जता रही हैं, वहीं विपक्ष यह साबित करने की कोशिश में है कि अब यहां “परिवर्तन” की बारी है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article