Belaganj Assembly Constituency (बेलागंज विधानसभा सीट): बिहार के गयाजी जिले में स्थित बेलागंज विधानसभा सीट एक अहम राजनीतिक सीट है। यह क्षेत्र गया से करीब 25 किमी दक्षिण-पश्चिम में फल्गु नदी के किनारे स्थित है। बेलागंज सीट को लंबे समय तक राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को गढ़ माना जाता रहा है। यहां आरजेडी के दिग्गज नेता सुरेंद्र यादव ने लगातार 8 बार आठ बार जीत हासिल कर पार्टी की पकड़ मजबूत की। लेकिन 2024 के उपचुनाव में जेडीयू ने राजद के पुराने किले को ध्वस्त कर दिया और मनोरमा देवी यहां की विधायक बनीं। बेलागंज सीट पर इस बार का चुनाव भी काफी रोचक होने की संभावना है। जिसमें आरजेडी और जदयू के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। अब देखना होगा कि क्या आरजेडी अपने पुराने किले को वापस जीत पाएगी या फिर जदयू उपचुनाव मिली सफलता को इस चुनाव में भी बरकरार रख पाएगी।
बेलागंज विधानसभा सीट कब बनी
बेलागंज विधानसभा सीट का गठन 1962 में हुआ था। तब से यहां 17 बार विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। जिनमें उपचुनाव भी शामिल हैं। शुरुआती दशक में यहां कांग्रेस का वर्चस्व रहा। पार्टी ने पांच बार इस सीट को अपने खाते में किया। लेकिन 2000 से 2020 तक यहां आरजेडी का दबदबा रहा। आरजेडी के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र यादव ने लगातार 8 बार यहां से जीत हासिल कर राजनीति की लंबी छाप छोड़ी। बेलागंज सीट से संयुक्त समाजवादी पार्टी और जेडीयू ने एक-एक बार जीत हासिल की। वहीं जनता दल ने दो बार यहां से जीत का परचम लहराया।
बेलागंज सीट से उम्मीदवार
- विश्वनाथ कुमार सिंह - RJD
- मनोरमा देवी - JDU
- मधुमाला कुमार - AAP
बेलागंज सीट पर पिछले चुनाव का रिजल्ट
साल 2020 के विधानसभा चुनाव में बेलागंज सीट से आरेजडी नेता सुरेंद्र यादव अपनी जीत कायम रखते हुए फिर से विधायक चुने गए। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में वे जहानाबाद से सांसद बन गए। जिससे बेलागंज सीट खाली हो गई और 2024 में यहां उपचुनाव हुए। जिसमें जेडीयू की ओर से मनोरमा देवी मैदान में उतरी। जिन्होंने आरजेडी के उम्मीदवार और सुरेंद्र यादव के बेटे विश्वनाथ सिंह को शिकस्त देकर पार्टी को जीत दिलाई। जेडीयू की इस जीत ने बेलागंज में राजनीतिक परिदृश्य को पूरी तरह बदल दिया।
बेलागंज विधानसभा क्षेत्र का जातीय समीकरण क्या है
बेलागंज विधानसभा सीट एक जनरल कैटेगरी की सीट है। यहां पर यादव समुदाय के लोग निर्णायक भूमिका में रहते हैं। इसके अलावा मुस्लिम वोटर की भी अच्छी-खासी आबादी है। इस क्षेत्र में एससी कैटेगरी के वोटरों की आबादी 29.59 फीसदी है। वहीं मुस्लिम मतदाता 16.8 फीसदी हैं।
बेलागंज विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या
बेलागंज विधासनभा क्षेत्र में ग्रामीण मतदाताओं की संख्या अधिक है। यहां सिर्फ 2.64 फीसदी ही शहरी मतदाता हैं। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में यहां मतदाताओं की संख्या 2,76,878 थी। जिनमें से 61.56 फीसदी वोटरों ने मतदान किया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में यहां वोटरों की संख्या बढ़कर 2,86,200 हो गई।
