5 राज्यों में चुनाव हुए संपन्न, मतदान करने में आगे रहीं महिलाएं, जानें कहां-कहां मारी बाजी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 7, 2022, 08:44 PM IST

5 राज्यों में विधानसभा चुनाव पूरे हो गए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया है कि गोवा, उत्तराखंड, मणिपुर और उत्तर प्रदेश के कई निर्वाचन क्षेत्रों में महिला मतदाताओं का मतदान पुरुषों से अधिक रहा है।

5 राज्यों में चुनाव हुए संपन्न, मतदान करने में आगे रहीं महिलाएं, जानें कहां-कहां मारी बाजी
Photo Credit: AP

उत्तर प्रदेश में आज सातवें और आखिरी चरण का मतदान भी खत्म हो गया। इस तरह 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव का समापन हो गया है। अब सभी को नतीजों का इंतजार है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे। इस बीच मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा कि गोवा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई निर्वाचन क्षेत्रों में महिला मतदाताओं का मतदान पुरुषों से अधिक रहा है। 

उत्तराखंड में महिलाओं ने 67.2% मतदान किया, जबकि पुरुषों ने 62.6% मतदान किया। गोवा में भी पुरुषों ने 78.19% मतदान किया, जबकि महिलाओं का मतदान 80.96% रहा। 

इसके अलावा मणिपुर में 88% पुरुष मतदाताओं के मुकाबले 90% महिला मतदाताओं ने मतदान किया। यूपी में 7 चरणों में से तीन चरणों में महिला मतदाताओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया। पुरुष मतदाता 51.03% थे जबकि महिला मतदान 62.62% था। 

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि मैं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर सभी महिला मतदाताओं को बधाई देता हूं। पिछले साल पांच चुनाव हुए और मतदान अच्छा रहा। असम में 82.4 फीसदी, केरल में 76.5 फीसदी, तमिलनाडु में 73 फीसदी, पश्चिम बंगाल में 82 फीसदी और पुडुचेरी में 83.4 फीसदी था। इसलिए पिछले साल की महामारी के समय में भी मतदाता वोट डालने के लिए आगे आए। मौजूदा दौर के चुनाव में गोवा में 79.6 फीसदी, पंजाब में 71.95 फीसदी, उत्तराखंड में 65.4 फीसदी, मणिपुर में 88 फीसदी और उत्तर प्रदेश में 62-65 फीसदी मतदान हुआ है। पिछले चुनावों की तुलना में काफी कम है।

End of Article