UPPSC PCS Mains Result 2024 Out: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने PCS मुख्य परीक्षा 2024 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। PCS मेंस की लिखित परीक्षा 29 जून 2025 से 2 जुलाई 2025 तक प्रयागराज और लखनऊ के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी। आयोग ने 2719 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया है। आयोग की वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर पीडीएफ फॉर्म में इंटरव्यू के लिए सफल हुए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गई है। यूपी लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार की ओर से रिजल्ट घोषित किया गया है।
13776 अभ्यर्थी मेंस परीक्षा में हुए थे शामिल
बता दें कि पीसीएस मेंस परीक्षा में कुल 13776 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे। पीसीएस संवर्ग के कुल 24 प्रकार के पदों के लिए 947 पदों पर भर्ती होनी है जिसमें 60 पदों पर केवल लिखित परीक्षा के आधार पर चयन होना है। इन पदों का परिणाम अंतिम चरण परिणाम के साथ घोषित किया जाएगा। 60 रिक्तियों को छोड़ते हुए 887 रिक्तियों पर लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर चयन होना है। जिन अभ्यर्थियों को प्रारंभिक मुख्य परीक्षा के आधार पर सफल घोषित किया गया है, उनके लिए अभिलेख सत्यापन एवं साक्षात्कार से संबंधित विस्तृत विज्ञप्ति पृथक से जारी की जाएगी।
साक्षात्कार के लिए अलग सूचना दी जाएगी
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने PCS मुख्य परीक्षा 2024 का रिजल्ट घोषित कर दिया है और इंटरव्यू के लिए सफल हुए अभ्यर्थियों की सूची जारी की है। इंटरव्यू कब आयोजित किए जाएंगे इसकी सूचना अलग से दी जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस परीक्षा से संबंधित कई याचिकाएं माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद में विचाराधीन हैं। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 03 आरक्षण से संबंधित याचिकाओं का परिणाम फिलहाल घोषित नहीं किया गया है और अंतिम निर्णय न्यायालय के आदेशों के अधीन रहेगा।
इसके अतिरिक्त, UPPCS-2019 से संबंधित महिला अभ्यर्थियों के परिणाम भी राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत विशेष अपील संख्या-475/2019 में माननीय उच्च न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन रहेंगे। आयोग ने बताया कि यह परिणाम आयोग के सूचना पट्ट पर चस्पा किया गया है तथा UPPSC की आधिकारिक वेबसाइट https://uppsc.up.nic.in पर भी उपलब्ध है। अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के उपरांत कट-ऑफ अंक एवं अंक विवरण सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उपलब्ध कराए जाएंगे।
