एजुकेशन

Education News: यूपी टीईटी में 62 हजार से ज्यादा शिक्षक फेल, अब स्पेशल टीईटी का मौका बचा

UP TET Result 2026 Education news: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने UP TET 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। खासबात ये है कि यूपी टीईटी में इस बार 80 फीसदी अभ्यर्थियों को सफलता मिली है लेकिन 62 से ज्यादा टीचर्स इसमें फेल हो गए हैं।

Image

यूपी टीईटी में 62 हजार से ज्यादा शिक्षक फेल

UP TET Result 2026 Education news: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2026) विज्ञापन संख्या 01/2026 का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि UPTET 2026 की लिखित परीक्षा दिनांक 02 व 03 जुलाई 2026 को दो-दो पालियों तथा दिनांक 04 जुलाई 2026 को एक पाली, इस प्रकार कुल 05 पालियों (03 पाली उच्च प्राथमिक स्तर एवं 02 पाली प्राथमिक स्तर) में प्रदेश के 60 जनपदों में 955 परीक्षा केन्द्रों पर सम्पन्न कराई गई थी।

इस परीक्षा में पंजीकृत अभ्यर्थियों की अत्यधिक संख्या (19,94,661) होने के दृष्टिगत परीक्षा 03 दिवसों की पांच पालियों में सम्पन्न करायी गयी थी। विज्ञापन के बिन्दु 09 में उल्लिखित तुलनात्मक मूल्यांकन (नॉर्मलाइजेशन) की प्रक्रिया का अनुसरण करते हुए परिणाम तैयार किया गया है। प्राथमिक स्तर (कक्षा 01 से 05 तक) हेतु परीक्षा में सम्मिलित कुल 7,13,648 अभ्यर्थियों में से 80.07 प्रतिशत अर्थात 5,71,435 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।

उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 06 से 08 तक) हेतु परीक्षा में सम्मिलित कुल 10,57,021 अभ्यर्थियों में से 71.85 प्रतिशत अर्थात 7,59,513 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए हैं। कार्यरत शिक्षकों में प्राथमिक स्तर पर सम्मिलित कुल 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 76.29 प्रतिशत अर्थात 93,387 तथा उच्च प्राथमिक स्तर पर सम्मिलित कुल 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों में से 77.45 प्रतिशत अर्थात 1,13,384 कार्यरत शिक्षकों को सफल घोषित किया गया है। चयन परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in/ पर अभ्यर्थियों द्वारा देखा जा सकता है।

चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि आयोग ने 19 लाख से अधिक अभ्यर्थियों वाली इस विशाल परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ सम्पन्न कराया है। विज्ञापन में पूर्व से निर्धारित तुलनात्मक मूल्यांकन प्रक्रिया का पालन करते हुए परिणाम तैयार किया गया है।

62 हजार से ज्यादा टीचर फेल

खासबात ये है कि यूपी टीईटी में इस बार 80 फीसदी अभ्यर्थियों को सफलता मिली है लेकिन 62 हजार से ज्यादा टीचर्स इसमें फेल हो गए हैं। दरअसल, TET यानी शिक्षक पात्रता परीक्षा सरकारी टीचर बनने या टीचिंग सेवा में बने रहने के लिए जरूरी योग्यता है। पहले से नियुक्त शिक्षकों को भी सेवा में बने रहने के लिए इस परीक्षा को पास करना है। इस बार 2 लाख 68 हजार 799 पहले से कार्यरत शिक्षकों ने टीईटी की परीक्षा दी थी जिसमें से 2 लाख 06 हजार 771 शिक्षक ही सफल हो पाए हैं जबकि 62 हजार असफल हो गए हैं। ऐसे शिक्षकों के पास अब स्पेशल टीईटी में बैठने का मौका है।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article