Rajasthan Safai Karamchari Bharti 2026: राजस्थान में संविदा सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। स्वायत्त शासन विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 28 अक्टूबर 2026 कर दी है। इससे भर्ती में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। इस संबंध में शासन सचिव रवि जैन ने संशोधित आदेश जारी किए हैं।
विभाग ने पहले 15 अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए थे। इसके बाद आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 13 अक्टूबर 2026 कर दी गई थी। अब इसे एक बार फिर बढ़ाते हुए 28 अक्टूबर 2026 निर्धारित किया गया है। उम्मीदवार अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें, ताकि अंतिम दिनों में वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक या तकनीकी समस्या होने पर परेशानी से बचा जा सके।
24,752 पदों पर होगी भर्ती
राजस्थान के 183 नगरीय निकायों में संविदा सफाई कर्मचारियों के कुल 24,752 रिक्त पदों पर भर्ती की जानी है। इसके लिए विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत 27 जुलाई 2026 को अधिसूचना जारी की गई थी। भर्ती प्रक्रिया राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022 और उनमें समय-समय पर किए गए संशोधनों के अनुसार संचालित की जा रही है।
अभ्यर्थियों को क्या करना होगा?
इस भर्ती में आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन आवेदन करना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पहले भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना में दिए गए पात्रता संबंधी नियमों, जरूरी दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी ध्यान से पढ़ लें। भर्ती से संबंधित नवीनतम जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और अन्य निर्देशों के लिए अभ्यर्थी राजस्थान स्वायत्त शासन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाएं देख सकते हैं।
