PU Exam 2026 Postponed: पंजाब यूनिवर्सिटी परीक्षा को लेकर एक बड़ा अपडेट आया है, जो छात्रों के लिए जानना जरूरी है। यह अपडेट मई मे होने वाली परीक्षा को लेकर है। बता दें कि पंजाब विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा के शेड्यूल (PU Exam Schedule)में एक बड़ा बदलाव किया गया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से इस संबंध में एक नोटिस भी जारी किया गया है। पंजाब यूनिवर्सिटी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और परीक्षा विभाग द्वारा जारी किए गए लेटेस्ट नोटिफिकेशन के अनुसार, 26 मई 2026 को आयोजित होने वाली सभी परीक्षाओं को फिलहाल के लिए टाल दिया गया है। आइए जानते हैं कि इसके पीछे की मुख्य वजह क्या है।
परीक्षाएं स्थगित करने की मुख्य वजह
यूनिवर्सिटी द्वारा जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन संख्या 'No: 3945/C' के मुताबिक, पंजाब में होने वाले नगरपालिका चुनाव के कारण परीक्षाओं को स्थगित करने का यह फैसला लिया गया है। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था, मतदान केंद्रों की आवश्यकता और छात्रों व स्टाफ की आवाजाही में होने वाली संभावित दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए परीक्षाओं को स्थगित किया गया है। इतना ही नहीं छात्रों के लिए नई डेट की भी घोषणा कर दी गई है।
कब होगी पीयू परीक्षा 2026
बता दें कि परीक्षाओं को स्थगित करने के लिए जारी की गई अधिसूचना में यह भी साफ किया गया है कि जो परीक्षाएं पहले 26 मई 2026 को आयोजित होने वाली थी, वे अब 4 जून 2026 को आयोजित की जाएंगी। यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट रजिस्ट्रार द्वारा जारी इस आदेश के तहत, छात्रों को परीक्षा केंद्र या समय में किसी अन्य बड़े बदलाव की चिंता करने की जरूरत नहीं है, केवल परीक्षा की तारीख को आगे बढ़ाया गया है।
उम्मीदवारों और आम जनता के लिए सूचना
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस अधिसूचना को विशेष रूप से संबंधित उम्मीदवारों (कैंडिडेट्स) और आम जनता की जानकारी के लिए सार्वजनिक किया है। परीक्षा स्थगन का यह आदेश पंजाब यूनिवर्सिटी से संबद्ध उन सभी केंद्रों और कॉलेजों पर लागू होगा, जहाँ 26 मई को परीक्षाएं निर्धारित थी।
सोशल मीडिया पर दी गई आधिकारिक जानकारी
पंजाब यूनिवर्सिटी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल @OfficialPU, इंस्टाग्राम @officialpu.india और फेसबुक पेज के माध्यम से भी इस महत्वपूर्ण घोषणा की पुष्टि की है। सोशल मीडिया पर 'इंपॉर्टेंट अनाउंसमेंट' के तहत पोस्टर जारी कर छात्रों को सतर्क किया गया है ताकि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र पर जाने के बाद परेशान न होना पड़े।
