दुनिया की सबसे बेहतरीन यूनिवर्सिटी कौन सी है? किस संस्थान में पढ़ने का सपना दुनिया भर के छात्र देखते हैं? और भारत के विश्वविद्यालय वैश्विक शिक्षा के नक्शे पर कहां खड़े हैं? इन सवालों का जवाब QS World University Rankings 2027 से मिलता है। हाल ही में क्यू एस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंक जारी हुई है जिसमें एक विश्विद्यालय ने लगातार 15वीं पर पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। ये वही विश्वविद्यालय है जहां से इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी शिक्षा हासिल की है।
MIT का जलवा बरकरार
क्यू एस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंक 2027 में इस बार भी अमेरिका का Massachusetts Institute of Technology यानी MIT दुनिया की नंबर-1 यूनिवर्सिटी बना है। खास बात यह है कि MIT ने लगातार 15वीं बार यह मुकाम हासिल किया है। यह अपनी विश्व स्तरीय स्टेम (STEM) शिक्षा, अत्याधुनिक रिसर्च, कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग कार्यक्रमों के लिए प्रसिद्ध है। यहां के छात्र और प्रोफेसर नई तकनीकों और स्टार्टअप्स की खोज में सबसे आगे रहते हैं। यही वजह है कि दुनियाभर के छात्र यहां दाखिले का सपना देखते हैं।
MIT आखिर लगातार नंबर-1 क्यों?
MIT की सफलता को सिर्फ उसकी प्रतिष्ठा से जोड़कर देखना अधूरा होगा। दुनिया के शीर्ष संस्थानों की ताकत में रिसर्च, इनोवेशन, रोजगार क्षमता, अकादमिक प्रतिष्ठा और वैश्विक सहयोग जैसी चीजों की बड़ी भूमिका होती है। QS की रैंकिंग भी कई संकेतकों के आधार पर विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन करती है। MIT सिर्फ एक यूनिवर्सिटी नहीं, बल्कि रिसर्च, इनोवेशन और इंडस्ट्री के बीच मजबूत कनेक्शन का मॉडल बन चुकी है। QS की रैंकिंग में अकादमिक प्रतिष्ठा, नियोक्ताओं के बीच प्रतिष्ठा, प्रति फैकल्टी रिसर्च सिटेशन, छात्र-फैकल्टी अनुपात और अंतरराष्ट्रीय फैकल्टी व छात्रों जैसे मानकों को देखा जाता है। MIT इन क्षेत्रों में लगातार मजबूत प्रदर्शन करती है। MIT की खास पहचान इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्रों में रिसर्च और इनोवेशन के लिए है। यही कारण है कि दुनिया भर के छात्र सिर्फ डिग्री हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि अत्याधुनिक रिसर्च और वैश्विक स्तर के अकादमिक माहौल का हिस्सा बनने के लिए इन संस्थानों का रुख करते हैं।
MIT क्यों है इतनी खास
रिसर्च पर जोर
MIT में नई तकनीक और वैज्ञानिक समस्याओं पर हाई-लेवल रिसर्च को प्राथमिकता दी जाती है।
ग्लोबल नेटवर्क
दुनिया भर के छात्रों और फैकल्टी के साथ काम करने से छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का एक्सपोजर मिलता है।
इनोवेशन का माहौल
छात्रों को सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि नए आइडिया को प्रोजेक्ट और स्टार्टअप में बदलने का अवसर मिलता है।
रिसर्च से रोजगार तक
MIT की शिक्षा का फोकस सिर्फ डिग्री पर नहीं, बल्कि ऐसी स्किल और रिसर्च क्षमता विकसित करने पर है जिसे इंडस्ट्री और समाज में इस्तेमाल किया जा सके।
इंडस्ट्री कनेक्शन
यूनिवर्सिटी और कंपनियों के बीच मजबूत संबंध छात्रों को वास्तविक दुनिया की समस्याओं पर काम करने का मौका देते हैं। दुनिया के अग्रणी वैज्ञानिक और विशेषज्ञ यहां पढ़ाते और रिसर्च करते हैं।
टेक्नोलॉजी में दबदबा
2027 रैंकिंग में MIT 12 विषयों में दुनिया की नंबर-1 यूनिवर्सिटी रही, जिनमें Computer Science, Data Science & AI, Engineering, Mathematics और Physics जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
एमआईटी के बाद किसका नंबर?
QS की 2027 रैंकिंग में MIT के बाद स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी और इंपीरियल कॉलेज लंदन संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। स्टेनफॉर्ड पिछले साल तीसरे स्थान पर था, जबकि इंपीरियल ने लगातार तीसरे साल दूसरा स्थान बरकरार रखा है। चौथे नंबर पर ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और पांचवें नंबर पर हार्वर्ड यूनिवर्सिटी है। यानी दुनिया की टॉप पांच यूनिवर्सिटीज में अमेरिका और ब्रिटेन का दबदबा साफ नजर आता है।
टॉप 10 में कौन सी यूनिवर्सिटी शामिल
इसके बाद क्रैंब्रिज यूनिवर्सिटी छठवें, कैलिफॉर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी सातवें, यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन और ETH Zurich संयुक्त रूप से आठवें और सिंगापुर नेशनल यूनिवर्सिटी (NUS) दसवें स्थान पर है। टॉप 10 में अमेरिका, ब्रिटेन, स्विट्जरलैंड और सिंगापुर की यूनिवर्सिटीज शामिल हैं।
भारत की स्थिति में भी सुधार
अब बात भारत की। QS Rankings 2027 में भारत की तस्वीर पहले की तुलना में बेहतर हुई है। इस साल 52 भारतीय संस्थान इसमें शामिल हुए हैं। QS के मुताबिक 2015 में यह संख्या सिर्फ 14 थी। भारत में सबसे ऊपर IIT Delhi है, जिसने वैश्विक स्तर पर 118वीं रैंक हासिल की है। यह पिछले साल के 123वें स्थान से पांच पायदान ऊपर है और किसी भारतीय संस्थान की अब तक की सर्वश्रेष्ठ QS रैंक के बराबर है। इसके बाद IIT बॉम्बे 134वें और IIT मद्रास 170वें स्थान पर है। IIT खड़गपुर 205वें, जबकि IISc बेंगलुरु और IIT कानपुर संयुक्त रूप से 221वें स्थान पर हैं।
