केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने अपने से जुड़े स्कूलों के लिए डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने से जुड़ा नया सर्कुलर जारी किया है। बोर्ड ने स्कूल प्रमुखों और मैनेजमेंट से कहा है कि स्कूल से जुड़े अलग-अलग तरह के भुगतान में डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल बढ़ाया जाए। CBSE की वेबसाइट पर यह नोटिस 1 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया है। बोर्ड ने स्कूलों को सलाह दी है कि फीस जमा करने के अलावा कैंटीन, लाइब्रेरी और स्कूल की दूसरी सेवाओं के भुगतान के लिए भी डिजिटल रूप से पेमेंट करने के तरीके उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए UPI और RuPay कार्ड जैसे माध्यमों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
CBSE डिजिटल भुगतान दिशानिर्देश (Image- AI Generated/Newsroom Verified)
जिन इलाकों में इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर है, वहां UPI Lite, UPI LiteX और UPI 123PAY जैसे विकल्प अपनाने की सलाह दी गई है। स्कूल जरूरत के अनुसार इन माध्यमों का इस्तेमाल समझाने के लिए डेमो और सहायता आधारित पेमेंट व्यवस्था भी शुरू कर सकते हैं।
BBPS से फीस जमा करने की सुविधा
बोर्ड ने स्कूलों को Bharat Bill Payment System यानी BBPS से जुड़ने की सलाह भी दी है। इसके जरिए फीस कलेक्शन को एक तय और सुरक्षित डिजिटल सिस्टम के तहत किया जा सकता है। स्कूल चाहें, तो BBPS को अपने ERP सिस्टम के साथ जोड़कर नियमित भुगतान से जुड़े काम को भी आसान बना सकते हैं। CBSE पहले भी संबद्ध स्कूलों को BBPS के जरिए स्कूल फीस का डिजिटल भुगतान उपलब्ध कराने की सलाह दे चुका है।
छात्रों और अभिभावकों को भी जागरूक करें
CBSE ने केवल डिजिटल पेमेंट की सुविधा देने पर ही जोर नहीं दिया है, बल्कि इससे जुड़ी जानकारी बढ़ाने की भी सलाह दी है। स्कूल शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों और अलग-अलग जागरूकता अभियानों में डिजिटल पेमेंट से जुड़ी जानकारी शामिल कर सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: CBSE 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की डेटशीट कब होगी जारी, ऐसे कर पाएंगे चेक
