कोरोना की बढ़ती मार के चलते केजरीवाल सरकार का अहम फैसला, अगले आदेश तक सभी स्कूल- कॉलेज बंद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 9, 2021, 06:41 PM IST

दिल्ली में कोरोना के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए केजरीवाल सरकार ने राजधानी के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों को बंद करने का फैसला किया है।

कोरोना की बढ़ती मार के चलते केजरीवाल सरकार का अहम फैसला, अगले आदेश तक सभी स्कूल- कॉलेज बंद

नई दिल्ली: केंद्र और राज्य सरकार के लगातार प्रयासों के बाद भी राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बिगड़ते हालातों को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है और राजधानी दिल्ली के सभी सरकारी और गैर सरकारी (प्राइवेट) स्कूलों को अगले आदेश तक बंद करने का आदेश जारी कर दिया है।  इससे पहले भी सरकार कई तरह की पाबंदियां लागू कर चुकी है जिसमें नाइट कर्फ्यू भी शामिल हैं।

इस साल के सर्वाधिक मामले

 आपको बता दें कि दिल्ली में गुरुवार को कोविड-19 के 7,437 नए मामले सामने आए हैं, जो इस साल का सबसे बड़ा दैनिक आंकड़ा है, जबकि कोरोना वायरस संक्रमण के कारण 24 और लोगों की मौत हो गई, जिससे राष्ट्रीय राजधानी में मृतकों की संख्या बढ़कर 11,157 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, संक्रमण दर भी पिछले दिन की 6.1 प्रतिशत से बढ़कर 8.1 प्रतिशत हो गई, क्योंकि पिछले कुछ हफ्तों में मामलों में काफी वृद्धि हुई है।

रात्रि कर्फ्यू के लिए ई पास

कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते दिल्ली में रात्रि कर्फ्यू भी लगााय गया है। रात के दौरान यात्रा की अनुमति के वास्ते ई-पास के लिए जिलों के अधिकारियों को 1.19 लाख आवेदन प्राप्त हुए जिसमें से लगभग 87,000 को खारिज कर दिया गया। उन्होंने बताया कि ज्यादातर आवेदन इसलिए खारिज किए गए क्योंकि वह कर्फ्यू से छूट पाने वाली श्रेणी में नहीं आते थे या उनमें दी गई सूचना में त्रुटि थी। वहीं टीकाकरण की बात करें तो  दिल्ली में बृहस्पतिवार को 83 हजार से अधिक लाभार्थियों ने कोविड-19 का टीका लगवाया।

End of Article