दिल्ली

दिल्ली में 'युद्ध' जहरीली हवा के 'विरुद्ध', CM रेखा का सख्त प्लान तैयार; लापरवाही पर चालान-FIR तय

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर सीएम रेखा गुप्ता ने कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं, ढिलाई करने वाले विभागों पर चालान-एफआईआर और 72 घंटे में सफाई-मरम्मत का निर्देश है। सरकार धूल नियंत्रण, BS-IV से नीचे वाहनों पर कार्रवाई और एक हाईलेवल एक्सपर्ट कमेटी के जरिए निगरानी तेज कर रही है।

Image

दिल्ली में प्रदूषण को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सख्त

Photo : Times Now Digital

Delhi Pollution: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में बढ़ते प्रदूषण पर सख्त रुख अपनाते हुए सभी सरकारी विभागों को निर्देश दिया है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदूषण और सफाई में ढिलाई दिखाने वाले विभागों पर तुरंत चालान और जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।

प्रदूषण पर हाईलेवल बैठक

सीएम की अध्यक्षता में हुई हाईलेवल बैठक में पीडब्ल्यूडी, एमसीडी, डीडीए और दिल्ली मेट्रो सहित सभी एजेंसियों को 72 घंटे के भीतर गड्ढे भरने, सड़कों की सफाई-मरम्मत तेज करने और धूल नियंत्रण के कड़े उपाय लागू करने को कहा गया। बिना अनुमति रोड कटिंग करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई होगी। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि “311 ग्रीन ऐप” को मजबूत किया जा रहा है, BS-IV से नीचे के वाहनों पर कार्रवाई होगी, ई-ऑटो को बढ़ावा मिलेगा और निर्माण स्थलों पर 48 घंटे में फेंसिंग अनिवार्य होगी। प्रदूषण की निगरानी और समाधान के लिए सरकार ने एक हाईलेवल एक्सपर्ट कमेटी भी बना दी है।

लगातार दिल्ली की आबोहवा हो रही खराब

दिल्ली की हवा लगातार खराब होती जा रही है और इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रदूषण नियंत्रण को इमरजेंसी मिशन घोषित कर दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि अब किसी भी सरकारी विभाग की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जो भी संस्था सफाई में या धूल रोकने में ढिलाई करेगी, उसका चालान काटा जाएगा और ज़रूरत पड़ी तो एफआईआर भी दर्ज होगी।

दिल्ली सचिवालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को 72 घंटे के अंदर सड़कों के गड्ढे भरने, धूल रोकने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश दिए। पीडब्ल्यूडी, डीडीए, एमसीडी और दिल्ली मेट्रो को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि उनकी सड़कें टूटी न रहें और धूल उड़ने न पाए। बिना इजाजत रोड कटिंग करने वाले सरकारी संस्थानों पर भी सीधा एक्शन होगा।

311 ग्रीन ऐप होगा सुदृढ़

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि “311 ग्रीन ऐप” को और मजबूत किया जा रहा है ताकि धूल वाले हॉटस्पॉट्स की तुरंत पहचान और कार्रवाई हो सके। उन्होंने कहा कि मिस्ट स्प्रे, वैक्यूम लिटर पिकर्स और मैकेनिकल स्वीपर्स की संख्या बढ़ाई जा रही है। साथ ही दिल्ली के डंप साइट्स को जल्द साफ करने का लक्ष्य रखा गया है।

सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए एक उच्चस्तरीय एक्सपर्ट कमेटी भी बनाई है, जिसमें आईआईटी और पर्यावरण विशेषज्ञ शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को साफ, हरी-भरी और धूल-मुक्त बनाना सबकी साझी जिम्मेदारी हैचाहे सरकारी विभाग हों या आम लोग।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article