Delhi Metro: रेड, ग्रीन और वॉयलेट लाइन पर भी दौड़ने लगी मेट्रो, 12 सितंबर से होगा पूर्ण परिचालन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 10, 2020, 08:54 AM IST

Red, Green, Violet lines Metro: राजधानी दिल्ली में गुरुवार को रेड, ग्रीन और वॉयलेट लाइन पर मेट्रो का सीमित रूप में परिचालन शुरू हो गया। ट्रेन में लोग सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करते हुए नजर आए हैं।

Delhi Metro: रेड, ग्रीन और वॉयलेट लाइन पर भी दौड़ने लगी मेट्रो, 12 सितंबर से होगा पूर्ण परिचालन
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली : दिल्ली में अन्य लाइनों पर भी मेट्रो रेल सेवा की शुरुआत हो गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने गुरुवार को मेट्रो की रेड, ग्रीन और वॉयलेट लाइन पर अपने सेवाएं शुरू कर दीं। बता दें कि राजधानी में अनलॉक-4 के तहत मेट्रो सहित कई सेवाओं में रियायत दी गई है। बुधवार को द्वारका/वैशाली और नोएडा इलेक्ट्रानिक सिटी लाइन पर मेट्रो का परिचालन शुरू हुआ। कोरोना संकट को देखते हुए राजधानी में मेट्रो का परिचालन गत 22 मार्च से बंद था। 

अभी सीमित रूप से चलेगी मेट्रो
राजधानी में रेड लाइन पर मेट्रो रिठाला और शहीद स्थल के बीच, ग्रीन लाइन पर कीर्ति नगर/इंद्रलोक ब्रिज के बीच और वॉयलेट लाइन पर कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह के बीच चलेगी। इन सभी मेट्रो रूट पर मेट्रो का परिचालन सुबह सात बजे से दिन के 11 बजे और शाम चार बजे से रात आठ बजे तक होगा। मेट्रो सेवा शुरू होने के बारे में डीएमआरसी ने ट्वीट किया है।

मेट्रो चलने से लोग हैं उत्साहित
मेट्रो सेवा शुरू हो जान पर लोगों में उत्साह नजर आया है। लोगों का कहना है कि उन्हें ऑफिस या अन्य जगहों पर जाने के लिए कैब सेवा लेनी पड़ती थी जो कि काफी महंगी पड़ रह थी लेकिन मेट्रो के दोबारा शुरू होने से उनके पैसे एवं समय दोनों की बचत हो रही है। हालांकि मेट्रो में अभी पहले की तरह भीड़ नहीं देखी जा रही है। लोग स्टेशनों एवं ट्रेन के भीतर मास्क लगाने, सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करने सहित कोविड-19 के प्रोटोकॉल को अपनाते हुए दिख रहे हैं। 

कोरोना के चलते 22 मार्च से बंद थी मेट्रो सेवा
बुधवार को दिल्ली मेट्रो ब्लू, पिंक और येलो लाइन पर भी चलनी शुरू हुई। डीएमआरसी का कहना है कि सभी लाइनों पर मेट्रो का पूर्व तरीके से परिचालन आगामी 12 सितंबर से शुरू किया जाएगा। सभी रूटों पर मेट्रो 22 मार्च से पहले की तरह चलेगी। डीएमआरसी का कहना है कि मेट्रो परिसर एवं ट्रेन में सोशल डिस्टैंसिंग का पालन कराना सुनिश्चित किया जाएगा।

End of Article