2 साल के बच्‍चे को गोद में लेकर जा रही थी महिला, झपटमारों ने ले ली जान, बिलखता रहा मासूम

दिल्‍ली में झपटमारों ने चेन छीनने की कोशिश में एक महिला को गले में चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। महिला कुछ दिनों पहले ही ससुराल से मायके आई थी।

2 साल के बच्‍चे को गोद में लेकर जा रही थी महिला, झपटमारों ने ले ली जान, बिलखता रहा मासूम
2 साल के बच्‍चे को गोद में लेकर जा रही थी महिला, झपटमारों ने ले ली जान, बिलखता रहा मासूम  |  तस्वीर साभार: BCCL

नई दिल्‍ली : राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली के आदर्श नगर इलाके में महिला से चेन छीनने की कोशिश में झपटमारों ने उसे चाकू मार दिया। बुरी तरह घायल महिला की अस्‍पताल में मौत हो गई। जिस वक्‍त उसके साथ यह वारदात हुई, उसकी गोद में दो साल का बच्‍चा भी, जो पूरे वाकये को देखकर बुरी तरह डर गया और बिलखता रहा। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को पहचान लिए जाने की बात कही है।

यह घटना शनिवार को उस वक्‍त हुई, जब महिला पास में ही लगने वाले सनी बाजार से सामान लेने गई थी। वह सामान लेकर लौट रही थी, जब उसके साथ यह वारदात हुई। झपटमार उससे चेन छीनने की कोशिश कर रहे थे, जिसका महिला ने विरोध किया था। इस पर झपटमारों ने उसके गले पर चाकू से वार कर दिया। बुरी तरह जख्‍मी महिला वहीं गिर गई। उस वक्‍त उसकी गोद में दो साल का बच्‍चा भी था, जो इस घटना से बुरी तरह सहम गया और रोने लगा।

महिला ने किया विरोध तो मार दिया चाकू

यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसके फुटेज में देखा जा सकता है कि किस तरह जब झपटमार ने उसका चेन खींचने की कोशिश तो महिला ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। चेन स्‍नेचर ने जब देखा कि वह पकड़ में आ सकता है तो उसने महिला के गले पर चाकू से वार कर दिया। बुरी तरह घायल महिला को शालीबाग के फोर्टिस अस्‍पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी जान चली गई।

महिला कुछ ही दिन पहले प‍ंजाब के पटियाला स्थित अपने ससुराल से दिल्‍ली में अपने मायके आई थी। महिला के भाई ने दोषियों को जल्‍द से जल्‍द पकड़ने और परिवार के लिए इंसाफ की मांग की है। उसने बताया कि वह बाजार गई थी। वापस लौटने के दौरान चेन छीनने की कोशिश के दौरान बदमाशों ने उसे चाकू मार दिया। हमें इतना ही इंसाफ चाहिए। जिसने भी यह किया है, उसे जल्द से जल्द पकड़ा जाए।

इस बीच दिल्‍ली पुलिस ने कहा है कि वह मामले की जांच कर रही है। इस मामले में दो लोगों की पहचान की गई है। उन्‍हें जल्‍द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर