दिल्ली: महिला के अंडाशय से निकाला गया 50 किलो का ट्यूमर, शरीर के वजन का आधा था

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 22, 2020, 09:36 PM IST

नई दिल्ली निवासी 52 वर्षीय महिला का पिछले कुछ महीनों से वजन बढ़ रहा था और उनका वजन 106 किलोग्राम हो गया था।

दिल्ली: महिला के अंडाशय से निकाला गया 50 किलो का ट्यूमर, शरीर के वजन का आधा था

नई दिल्ली: दिल्ली के एक अस्पताल में एक महिला के अंडाशय (ओवरी) से 50 किलोग्राम के ट्यूमर को निकाला गया। डॉक्टरों का दावा है कि इतने बड़े ट्यूमर को निकाले जाने के लिए दुनिया में किए गए अपनी तरह का यह सबसे बड़ा ऑपरेशन है। ट्यूमर का वजन मरीज के शरीर के आधे वजन जितना था।

नई दिल्ली निवासी 52 वर्षीय महिला का पिछले कुछ महीनों से वजन बढ़ रहा था और उनका वजन 106 किलोग्राम हो गया था। इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में बैरिएट्रिक सर्जरी और सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के वरिष्ठ सलाहकार, डॉ.अरुण प्रसाद ने बताया कि महिला को सांस लेने में तकलीफ, पेट के निचले हिस्से में दर्द, चलने और सोने में परेशानी होने लगी थी। परेशानी होने पर परिवार ने एक स्थानीय सर्जन से संपर्क किया और उन्होंने उन्हें अस्पताल के लिए रेफर किया।

गत 18 अगस्त को लगभग साढ़े तीन घंटे तक की गई सर्जरी में सर्जनों की एक टीम ने 50 किलोग्राम के ट्यूमर को अंडाशय से निकाला। डॉ प्रसाद ने कहा, 'एक सर्जन के रूप में 30 से अधिक वर्षों के अपने अनुभव में, मैंने कभी भी ऐसा मामला नहीं देखा, जहां ट्यूमर का वजन व्यक्ति के शरीर के लगभग आधे वजन जितना हो। इससे पहले, सबसे बड़ा मामला 2017 में कोयंबटूर से सामने आया था जहां महिला के अंडाशय से 34 किलोग्राम का ट्यूमर निकाला गया था।'

End of Article