क्राइम

टीटीई ने नेवी अफसर की पत्नी को ट्रेन से फेंका? इस हालत में मिली डेडबॉडी; परिजनों को है ये आशंका

उत्तर प्रदेश के इटावा में नौसेना अफसर की पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। आरोप है कि पटना-आनंद विहार सुपरफास्ट ट्रेन में टीटीई से बहस के बाद उनकी डेडबॉडी पटरियों के किनारे से बरामद की गई। लिहाजा, परिजनों को शक है कि टीटीई ने ट्रेन से उन्हें धक्का दे दिया।

Image

नेवी अफसर की पत्नी की मौत पर ट्रेन के T.T.E पर हत्या का मुकदमा दर्ज

इटावा में पटना-आनंद विहार सुपरफास्ट 04089 ट्रेन से दिल्ली जा रही नौसेना अफसर की पत्नी की संदिग्ध मौत ने पूरे मामले को एक नए मोड़ पर पहुंचा दिया है। बुधवार को साम्हो-भरथना रेलखंड पर पटरी के किनारे मिला महिला का शव शुरू में एक साधारण हादसा माना जा रहा था, लेकिन गुरुवार को घटनास्थल की वास्तविक तस्वीर सामने आने के बाद मामला अचानक हत्या की दिशा में मुड़ गया। परिजनों के गंभीर आरोपों के बाद जीआरपी इटावा ने ट्रेन में तैनात टीटीई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

भोगनीपुर कानपुर देहात की 32 वर्षीय आरती यादव अपने पति अजय यादव, जोकि नौसेना में मुंबई में तैनात हैं, लेकिन फिलहाल विशेष ट्रेनिंग पर चेन्नई में है। उन्हीं के कहने पर इलाज के सिलसिले में अकेले दिल्ली रवाना हुई थीं। अक्सर इलाज के लिए दिल्ली जाने वाली आरती इस बार पटना-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन में चढ़ गईं, जबकि उनका आरक्षण दूसरी ट्रेन में था। इसी टिकट को लेकर कोच में टीटीई संतोष से उनकी बहस हुई। इसकी जानकारी कॉलर ने रेलवे को दी थी।

टीटीई ने गुस्से में आरती को चलती ट्रेन से दिया धक्का - परिजन

परिजनों ने आरोप लगाया है कि टिकट विवाद इतना बढ़ गया कि टीटीई ने गुस्से में आरती को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। घटनास्थल पर मिले सुरागों ने भी परिजनों के शक को और गहरा कर दिया। गुरुवार सुबह जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि आरती का पर्स शव मिलने की जगह से लगभग चार किलोमीटर दूर मिला है। मोबाइल की लोकेशन तीसरी जगह दिख रही थी। यानी, महिला का शव जहां मिला, मोबाइल कहीं और मिला और पर्स कहीं और।

परिजनों ने सवाल उठाया कि अगर यह सामान्य हादसा होता, तो सामान इस तरह तीन अलग-अलग जगहों पर कैसे फैला हो सकता है। यह स्थिति साफ तौर पर किसी बाहरी हस्तक्षेप, संघर्ष या धक्का दिए जाने की तरफ इशारा कर रही है। सीओ जीआरपी उदयप्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक मेमो में इसे गिरकर मौत बताया गया था, लेकिन परिजनों के आरोपों को देखते हुए टीटीई के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है, जांच शुरू कर दी गई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article