क्राइम

Mumbai: लिफ्ट में कुत्ते ने काटा तो मालिक को हो गई 4 महीने की सजा, साथ भी जुर्माना भी लगा

मुंबई में 2018 में एक शख्स को लिफ्ट के अंदर कुत्ते ने काट लिया था। जिसके बाद अब कोर्ट ने कुत्ते के मालिक को 4 महीने की सजा सुनाई है, साथ ही में जुर्माना भी लगाया है।

Image

लिफ्ट में कुत्ते ने शख्स को काटा (प्रतीकात्मक फोटो- @Pixabay)

Mumbai: आजकल कुत्तों के काटने की घटनाएं आए दिन देखने को मिलते रहती है, कुत्ते कई बार इतना हिंसक हो जाते हैं कि अपने मालिक तक को नहीं छोड़ते। सुप्रीम कोर्ट तक इसपर चिंता जता चुका है, लेकिन ऐसे मामले में कमी आती नहीं दिख रही है, अब ऐसे ही एक मामले में कोर्ट ने कुत्ते के मालिक को जेल की सजा सुना दी है।

सात साल पहले की है घटना

मुंबई की एक मजिस्ट्रेट अदालत ने एक व्यक्ति को चार महीने के कारावास की सजा सुनाई है, जिसके पालतू कुत्ते ने वर्ली इलाके में उसके आवासीय भवन की लिफ्ट के अंदर एक पड़ोसी को काट लिया था। यह अदालती फैसला इस घटना के सात साल बाद आया है। अदालत ने 21 मई को ऋषभ पटेल (40) को सजा सुनायी। विस्तृत आदेश बुधवार को उपलब्ध हुआ।

साथ में जुर्माना भी लगा

प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट सुहास भोसले ने आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धाराओं 324 (जानबूझकर चोट पहुंचाना) और 289 (पशु के संबंध में लापरवाहीपूर्ण आचरण) के तहत दोषी पाया। अदालत ने पटेल पर 4,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया और कहा कि पीड़ित की पीड़ा की भरपाई ‘पैसे से नहीं की जा सकती’ लेकिन इससे उसे कुछ राहत मिलेगी।

मना करने के बाद भी लिफ्ट में कुत्ता घुसाया

यह घटना एक फरवरी, 2018 को हुई थी। अभियोजन पक्ष के अनुसार, शिकायतकर्ता रमीक शाह अपने डेढ़ साल के बेटे और नौकर के साथ लिफ्ट से नीचे जा रहे थे, तभी पटेल अपने कुत्ते के साथ लिफ्ट में घुसने की कोशिश कर रहा था। अभियोजन पक्ष के मुताबिक शाह ने पटेल से इंतज़ार करने को कहा क्योंकि उनका बेटा कुत्तों से डरता था, लेकिन पटेल ने बात नहीं मानी और कुत्ते ने लिफ्ट के अंदर शाह के बाएं हाथ पर काट लिया। बाद में शाह ने वर्ली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article