क्राइम

इश्क की जिद पर मौत भारी: कहीं और तय हुई शादी तो गुस्साए आशिक ने प्रेमिका को गोली मारी, फिर खुद को मार डाला

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 27, 2025, 05:20 PM IST

त्रिपुरा के गोमती जिले में हुई घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। यहां बुधवार शाम एक 26 वर्षीय युवक ने पहले अपनी प्रेमिका को गोली से भून दिया और फिर खुद को उड़ा लिया। उसने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि दोनों के माता-पिता ने उनकी शादी कहीं और तय कर दी थी।

Image

सांकेतिक तस्वीर। फोटो- एआई।

त्रिपुरा के गोमती जिले में एक प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत सामने आया है। यहां जब एक प्रेमी जोड़े के परिजनों ने उनकी शादी कहीं और तय कर दी तो प्रेमी ने कुछ ऐसा किया जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। यहां के आरके पुर पुलिस थाने के अंतर्गत होलाशेत इलाके में 26 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, दोनों के माता-पिता ने उनकी शादी अलग-अलग जगह तय कर दी थी, जिसके बाद यह घटना हुई। मृतकों की पहचान शालगाड़ा के शोहेल मिया और उदयपुर के शिलगती की जन्नत अख्तर के रूप में हुई है।

उदयपुर की उप-संभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) देबांजलि रॉय ने बताया कि यह घटना बुधवार को आरके पुर पुलिस थाने के अंतर्गत होलाशेत इलाके में हुई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और किसी तीसरे पक्ष की भूमिका से इनकार नहीं कर रही है।

देबांजलि रॉय ने बताया कि बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे हमें होलाशेत में गोलीबारी की घटना की सूचना मिली। जब पुलिस की टीम वहां पहुंची तो कार में प्रेमिका मृत पड़ी थी, जबकि घायल युवक आखिरी सांसों के लिए जूझ रहा था। कुछ ही देर बाद अस्पताल ले जाते समय उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर पिस्तौल मिली है और वे हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि गोलियों से छलनी दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अगरतला ले जाया गया है। शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि व्यक्ति ने पहले अपनी प्रेमिका को गोली मारी और फिर उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली। जांच अभी प्राथमिक चरण में है। हम किसी तीसरे पक्ष की संलिप्तता से इनकार नहीं कर सकते। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। लेकिन यह लगभग तय है कि यह घटना प्रेम संबंधों के कारण हुई है।एसडीपीओ ने बताया कि उन दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन उनके माता-पिता ने उनकी शादी कहीं और तय कर दी थी।

End of Article