क्राइम

Siliguri : सिलीगुड़ी में कंझावला जैसा कांड, टक्कर के बाद डंपर में 1.5 KM तक घिसटा स्कूटर सवार, जलकर हुई मौत

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jan 6, 2023, 09:56 AM IST

Siliguri Accident : रिपोर्टों के मुताबिक दिल दहलाने वाली यह घटना गुरुवार रात 8.30 बजे नॉर्थ बंगाल यूनिवर्सिटी परिसर के सामने हुई। मृतक व्यक्ति की पहचान अनंता दास के रूप में हुई है। हादसे के समय वह अपने स्कूटर से घर लौट रहे थे तभी डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी।

Image

सिलीगुड़ी में गुरुवार रात हुआ दर्दनाक सड़क हादसा।

Photo : PTI

Siliguri Accident : बंगाल के सिलीगुड़ी में दिल्ली के कंझावला जैसी दर्दनाक एवं दिल को झकझोरने वाली घटना सामने आई है। यहां एक स्कूटर सवार की सड़क हादसे में तड़प-तड़प कर मौत हुई है। डंपर से टक्कर के बाद स्कूटर सवार उसके नीचे फंस गया और करीब 1.5 किलोमीटर तक स्कूटर के साथ घसीटा जाता रहा। इस दौरान स्कूटर में आग लग गई। आग लगने से झुलसे व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।

बागडोगरा से लौट रहे थे दास

रिपोर्टों के मुताबिक दिल दहलाने वाली यह घटना गुरुवार रात 8.30 बजे नॉर्थ बंगाल यूनिवर्सिटी परिसर के सामने हुई। मृतक व्यक्ति की पहचान अनंता दास के रूप में हुई है। हादसे के समय वह अपने स्कूटर से घर लौट रहे थे तभी डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। पेशे से कारोबारी दास काम के सिलसिले में बागडोगरा गए थे। डंपर के नीचे फंसे और आग से घिरे दास को बचाने के लिए दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं लेकिन तब तक दास की मौत हो चुकी थी।

31 दिसंबर की रात दिल्ली हुई शर्मसार

बता दें कि 31 दिसंबर और 1 जनवरी की दरम्यानी रात बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में 20 साल की लड़की अंजलि की दर्दनाक मौत हुई। एक होटल से अपनी दोस्त के साथ नए साल का जश्न मनाने के बाद अंजलि अपनी स्कूटी से घर वापस लौट रही थी। तभी रात के करीब ढाई बजे के करीब एक बलेनो कार ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में उसकी दोस्त तो बच गई लेकिन अंजलि स्कूटी के साथ कार में फंस गई। कार अंजलि को सुल्तानपुरी और कंझावला के बीच करीब 13 किलोमीटर तक घसीटती रही।

कार के नीचे घसीटे जाने से अंजलि की मौत

इस जघन्य कांड के सभी पांचों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अंजलि की दोस्त निधि का कहना है कि उस दिन अंजलि ने काफी ज्यादा शराब पी हुई थी। नशे की वजह से वह ठीक से ड्राइव नहीं कर पा रही थी लेकिन अंजलि के परिवारवालों ने इस आरोप को बेबुनियाद बताया। पुलिस का भी कहना है कि बिसरा रिपोर्ट से यह साफ हो सकेगा कि उसने शराब पी हुई थी या नहीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अंजलि की मौत कार से घसीटे जाने के दौरान लगीं गहरी चोटों की वजह से हुई।

मामले में जांच आगे बढ़ने पर दो अन्य आरोपियों के बारे में भी पता चला है। इनमेंसे एक कार का मालिक है। जबकि एक आरोपी फरार है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि वह जल्द ही इस मामले में चार्जशीट दाखिल करेगी।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article