क्राइम

दिल्ली में पटाखों का विवाद खून-खराबे में तब्दील; चाकू घोंपकर ली गई युवक की जान, 3 आरोपी गिरफ्तार

उत्तर दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खून-खराबे में बदल गया। झगड़े के दौरान एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चौथा आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।

Image

दिल्ली में पटाखों को लेकर हुआ झगड़ा बना जानलेवा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Shahbad Dairy Area Murder Case: उत्तर दिल्ली के शाहबाद डेयरी क्षेत्र में पटाखे चलाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में एक व्यक्ति की पिटाई के बाद चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार तड़के तीन आरोपियों धीरज (24), आकाश उर्फ बाबा (24) और तरुण (22) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथा आरोपी अजय उर्फ अली अब भी फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 21 अक्टूबर की रात लगभग 12:20 बजे हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके सीने के दाहिनी ओर चाकू से वार किया गया था। बाहरी उत्तर जिले के डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि मृतक की पहचान दिलीप उर्फ सीतांबर प्रसाद के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि कुछ लोगों ने दिलीप के साथ पहले मारपीट की और बाद में उसके घर के बाहर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान मृतक के भाइयों दीपक और संदीप पर भी आरोपियों ने हमला किया।

इन धाराओं के तहत मामला हुआ दर्ज

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी की पहचान शाहबाद डेयरी निवासी धीरज के रूप में की गई है, जो वारदात के बाद मौके से फरार हो गया था। पीड़ित के भाई दीपक की शिकायत पर बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।

एक घंटे के अंदर तीनों आरोपी हुए गिरफ्तार

मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने घटना के करीब एक घंटे के भीतर ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि सभी आरोपी अलग-अलग स्थानों पर कार्यरत हैं। धीरज जहांगीरपुरी में एक ई-कॉमर्स किराना कंपनी में नौकरी करता है, आकाश बवाना स्थित बर्तन निर्माण फैक्ट्री में काम करता है, जबकि तरुण रिठाला में एक कुरियर सेवा से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने बताया कि चौथा आरोपी अजय उर्फ अली अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article