मोबाइल का पासवर्ड नहीं बताने पर शख्स ने लिव इन में रह रही महिला को मौत के घाट उतारा

Delhi Crime News: दिल्ली में एक शख्स ने उस महिला की हत्या कर दी, जिसके साथ वह लिव इन रिलेशनशिप में था। उसने महिला से फोन का पासवर्ड मांगा, नहीं देने पर उसकी हत्या कर दी।

dead
महिला की हत्या 
मुख्य बातें
  • लिव इन में रह रहे दोनों शादीशुदा थे और बच्चे भी थे
  • आरोपी को शक था कि महिला किसी अन्य शख्स से बात करती है
  • फोन का पासवर्ड नहीं बताने पर उसने महिला की हत्या कर दी

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 39 साल के व्यक्ति ने 35 साल की एक महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी, जिसके साथ वह लिव-इन रिलेशनशिप में था। आरोपी ने उसे हथौड़े से मार डाला। दरअसल, महिला किसी से साथ फोन पर बात कर रही थी, इसके बाद आरोपी ने उसके फोन का पासवर्ड पूछा, जिसे बताने से महिला ने इनकार कर दिया। इसी के बाद शख्स ने इतना बड़ा कदम उठाया।

यह घटना पिछले हफ्ते मंगलवार को पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर में हुई। आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। मृतका की पहचान ममता शर्मा के रूप में की गई। वह एक निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करती थी। मंगलवार की शाम घर लौटने पर उसके 17 साल के लड़के ने उसे मृत अवस्था में पाया। उसने शव के बगल में एक हथौड़ा भी देखा। 

पुलिस को शक था कि महिला के लिव-इन पार्टनर ब्रह्मपाल सिंह ने उसकी हत्या कर दी होगी क्योंकि वह उसकी मौत के बाद फरार था। सिंह के बारे में किसी ने पुलिस को इत्तला दी, जिसके बाद उसे शनिवार को अक्षरधाम मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपराध करने की बात कबूल की।

पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) राकेश पवारिया ने कहा कि मृतक महिला ने अपने पति को तीन साल पहले छोड़ दिया था और तलाक के लिए अर्जी दी थी। लगभग दो साल पहले वह सिंह से मिली, जो कि विवाहित है और उसके 3 बच्चे हैं। दो महीने पहले दोनों ने विनोद नगर में किराए पर एक फ्लैट लिया और साथ रहने लगे। ममता का 17 वर्षीय बेटा भी उनके साथ रहने लगा। महिला अपने रिश्ते को जारी नहीं रखना चाहती थी क्योंकि वह सिंह की पत्नी सहित उसके परिवार के सदस्यों से परेशान थी। हालांकि, सिंह नहीं चाहता था कि उनका रिश्ता खत्म हो जाए। 

इस सबके बीच सिंह को ममता पर संदेह बढ़ गया कि वह किसी अन्य शख्स से बात करती है। उसने मंगलवार शाम को उसे फोन पर किसी से बात करते हुए पाया, जिसके बाद उसने उससे उसके फोन का पासवर्ड मांगा। जब ममता ने पासवर्ड बताने से इनकार कर दिया, तो सिंह ने कथित तौर पर उसे मौत के घाट उतारा और बाद में भाग गया।

अगली खबर